गोंडा। आयुक्त देवीपाटन मंडल एसवीएस रंगाराव ने डीएम मार्कण्डेय शाही, सीडीओ शशांक त्रिपाठी तथा ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सूरज पटेल के साथ मंगलवार को जिला अस्पताल में 30 बेड के बच्चा चिकित्सा गहन देखभाल इकाई पीकू वार्ड का लोकार्पण किया।
लोकार्पण के बाद आयुक्त ने वार्ड का निरीक्षण किया। वार्ड में विकासखंड कटरा बाजार भवानीगंज पूरे बहोरी निवासी सूरज जो कि बुखार की समस्या के कारण वार्ड में भर्ती किया गया है कि माता से बच्चे के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।
डाक्टरों को निर्देश दिए कि भर्ती बच्चों की देखभाल अच्छे से की जाय। यह भी निर्देश दिए कि पीकू वार्ड की मानीटरिंग स्वयं सीएमओ तथा प्रमुख अधीक्षक जिला अस्पताल करें। वार्ड में जीवन रक्षक अनुमन्य सभी उपकरणों व दवाओं की उपलब्धता प्रत्येक दशा में सुनिश्चित कराएं।
मंडल आयुक्त ने कहा कि पीकू वार्ड सक्रिय हो जाने से जेई या एई से पीड़ित अथवा सामान्य बुखार आदि से संक्रमित गंभीर बच्चों को सघन चिकित्सा मिल सकेगी, उनका जीवन बचाया जा सकेगा। पीकू वार्ड चालू हो जाने से गरीब व्यक्तियों के बच्चों के इलाज के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
कोरोना की संभावित तीसरी लहर के दृष्टिगत सरकार द्वारा एक ओर जहां आक्सीजन की किल्लत खत्म करने के लिए आक्सीजन प्लांट स्थापित कराए गए हैं, वहीं वैक्सीनेशन के साथ ही बच्चों का जीवन बचाने के लिए पीकू वार्डों को उच्चीकृत कर बेडों की संख्या बढ़ाते हुए अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कराया गया है।
जिलाधिकारी ने आयुक्त को बताया कि वार्ड का उच्चीकरण 11.21 लाख रूपए की लागत से कराया गया है। पीकू वार्ड में पांच वेन्टिलेटर उपलब्ध हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में पीकू वार्ड मेें 30 बेड उपलब्ध हैं। लोकार्पण के दौरान सीएमओ डॉ. आरएस केसरी, प्रमुख अधीक्षक जिला अस्पताल डॉ. घनश्याम सिंह, सीएमएस महिला अस्पताल डॉ. सुषमा सिंह, मैट्रन दिनेश मिश्रा, अनिल वर्मा, कार्यदायी संस्था के अधिकारी तथा अन्य उपस्थित रहे।