गोंडा। प्रदेश सरकार की संचालित योजनाओं एवं विगत साढ़े चार वर्षों में सरकार की उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के साथ ही ब्लाक स्तर ही पात्रों को योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से 25 सितंबर शनिवार को गरीब कल्याण दिवस का आयोजन होगा। जिले के कटरा बाजार ब्लॉक मुख्यालय पर सीएम योगी आदित्यनाथ सरकार की योजनाओं का लाभ प्रदान करेंगे। शुक्रवार को जिले का पूरा अमला सीएम की अगवानी व कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जुटा रहा।
जिलाधिकारी मार्कंडेय शाही ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद जिले के कटरा बाजार ब्लाक मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। भारतीय इंटर कालेज के बगल स्थित खेल मैदान में सीएम का हेलीकाप्टर उतरेगा। कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी, एसपी सहित अन्य आला अधिकारी कार्यक्रम स्थल को संवारने के लिए जुटे रहे। 2.40 पर सीएम आएंगे और 2.45 तक उनका कार्यक्रम है।
डीएम ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से लगातार प्रदेश के गरीब व पिछड़े वर्ग वाले लोगों के विकास लिए नई योजनाएं बनाने के साथ-साथ विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहेे हैं। बड़े आयोजन की शुरुआत 25 सितम्बर को होने जा रही है। मेले के रूप में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में जिले के सभी 16 विकास खंडों मुख्यालयों पर आरोग्य मेले का आयोजन किया जाएगा। लाभार्थीपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के जनपद स्तरीय अधिकारीगण व खंड विकास अधिकारी अपने-अपने ब्लाकों पर गरीब कल्याण दिवस का आयोजन पूरी भव्यता के साथ कराना सुनिश्चित करेें।
योजनाओं से संबंधित काउंटर लगेंगे
जिलाधिकारी शाही ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले में दिव्यांग जनों को कृत्रिम अंग वितरण, विभिन्न पेंशन योजनाओं के आवेदन व स्वीकृति पत्र, आवास योजना और स्वरोजगार योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को राज्य सरकार की योजना से जोड़े जाने के साथ-साथ जन आरोग्य मेले का आयोजन होगा। साथ ही बैंकों से समन्वय स्थापित कर विशेष लोन शिविर, स्वास्थ्य विभाग, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, श्रमिक पंजीकरण, मत्स्य पट्टे हेतु आवेदन, कृषि विभाग, उद्यान विभाग, जल निगम, एनआरएलएम, पोषक काउंटर, दिव्यांग प्रमाणपत्र व दिव्यांग उपकरण के लिए काउंटर, उज्ज्वला योजना, उजाला योजना, आवास योजना, पशुपालन, छात्रवृत्ति काउंटर, कन्या सुमंगला, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, पेंशन योजनाओं के काउंटर सहित अन्य विभागों के काउंटर सभी ब्लॉकों पर लगाए जाएंगे। सभी संबंधित विभागीय अफसरों को तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। बताया कि गरीब कल्याण मेले में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता भी दर्ज कराई जाए।