बालपुर (गोंडा)। स्कूलों में गुणवत्तायुक्त शिक्षण कार्य की कवायद में जुटा बेसिक शिक्षा विभाग अब प्राथमिक व जूनियर स्कलों में पढ़ाई म्यूजिक सिस्टम से होगी। बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि जगाने के लिए अभिनव प्रयोग के तहत पहले चरण में 137 प्राथमिक व जूनियर स्कूलों को चिह्नित किया गया है। इसके तहत पढ़ाई के साथ बच्चों का मनोरंजन कर उन्हें अधिकाधिक स्कूल आने के लिए प्रेरित करना है।
विभागीय अधिकारी विकास खंड हलधरमऊ के 92 प्राथमिक, 26 उच्च प्राथमिक तथा 19 कंपोजिट स्कूलों में नए शैक्षिक सत्र से म्यूजिक सिस्टम से पढ़ाई कराने की कवायद में जुटे हैं। प्राथमिक शिक्षक संघ के कौशल किशोर ओझा ने बताया कि ब्लॉक के कुल 137 स्कूलों में म्यूजिक सिस्टम खरीदने के लिए प्रति स्कूल के खाते में दो-दो हजार रुपये आ गया है।
कुछ स्कूल के प्रधानाध्यापकों ने सिस्टम खरीदकर पढ़ाई कराना शुरू भी कर दिया है। म्यूजिक के साथ बच्चे मनोरंजनपूर्वक पढ़ाई करते हैं जिससे बच्चो में सीखने की शक्ति तेज होगी। इसके साथ ही वहीं राष्ट्रीय पर्व पर म्यूजिक सिस्टम से तैयारी करके बच्चों द्वारा अच्छे और बेहतर कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी हो सकेगी।