गोंडा। बरेली से गोंडा आ रही कार सीतापुर में ट्रक से टकरा गई। हादसे कार चला रहे युवक की मौत हो गई और छह लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी को सीतापुर के जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद वहीं के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे का शिकार सभी सात लोग गोंडा के परसपुर थाना क्षेत्र के अभईपुर के रहने वाले हैं। ये सभी रिश्तेदारी में निमंत्रण में बरेली गए थे। लौटते समय सीतापुर में हादसा हो गया।
परसपुर थाना क्षेत्र के अभईपुर गांव निवासी राहुल तिवारी ने बताया कि उनके चचेरे भाई अभिषेक तिवारी (23) पुत्र पवन तिवारी रविवार को गांव के ही अमन, बिंंदु, मोहिनी, अनुपम तिवारी, नैनसी व आयुष के साथ रिश्तेदारी में निमंत्रण में शामिल होने के लिए कार से बरेली गए थे। वहां से सोमवार रात सभी गोंडा लौट रहे थे। कार अभिषेक चला रहे थे। मंगलवार भोर करीब चार बजे सीतापुर के कोतवाली नगर क्षेत्र में उनकी कार ट्रक से टकरा गई। हादसे में सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीतापुर के जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान अभिषेक की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों काे प्राथमिक उपचार के बाद सीतापुर के ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राहुल ने बताया कि हादसे की सूचना पर अभिषेक के चचेरे भाई बबलू तिवारी, चाचा राकेश तिवारी व पूर्व ग्राम प्रधान शिवगोविंद तिवारी सीतापुर रवाना हो गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार देर रात शव पैतृक गांव पहुंचेगा।
परिवार में मचा कोहराम
सीतापुर में कार हादसे में अभिषेक तिवारी की मौत की सूचना घर पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। अभिषेक की मां बेबी और पत्नी प्रीति का रो-रोकर बुरा हाल है। चचेरे भाई राहुल ने बताया कि बीते 18 मई को ही बेलसर के बंजरवा गांव निवासी प्रीति से अभिषेक की शादी हुई थी। 12 जुलाई को गौने में विदा होकर प्रीति ससुराल आई थीं। प्रीति के हाथों की मेहंदी का रंग भी नहीं फीका पड़ा था कि पति की मौत हो गई। रिश्तेदार व आस-पड़ोस के लोग प्रीति को ढांढ़स बंधाने में लगे हैं।
मेधावी थे अभिषेक, चंडीगढ़ में नौकरी करते हैं पिता
गांव के ही रहने वाले रितेशानंद तिवारी ने बताया कि अभिषेक मेधावी थे। उन्होंने इसी साल क्षेत्र के एक निजी कॉलेज से इंटरमीडिएट की परीक्षा प्रथम श्रेणी में पास की थी। वह स्नातक करना चाहते थे। बताया कि अभिषेक के पिता चंडीगढ़ में प्राइवेट नौकरी करते हैं। उन्हें हादसे की सूचना दे दी गई है। वह गांव लौट रहे हैं।