डीएम नेहा शर्मा की अगुवाई में मंगलवार को छपिया ब्लॉक के पिपराखुर्द, चटकनवां, बहिराडीहा, धानेपुर, तेजपुर और खपरीपारा में चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान पिपराखुर्द के ग्रामीणों ने डीएम से कहा कि लोक निर्माण विभाग ने तीन महीने पहले सिसहनी प्राथमिक विद्यालय से पिपरा खुर्द को जोड़ने वाली सड़क को बना दिया, मगर काम चलाऊ पुल के चलते रवई नदी का जलस्तर बढ़ने से गांव की आबादी डूब गई। ऐसे में पुल निर्माण कराया जाए। डीएम ने लोक निर्माण के अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं को देखते हुए मौके की जांच करें। पूर्व सदस्य जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी चंद्रभान यादव ने फूलपुर रेलवे क्रॉसिंग से लेकर सिकरीमीरा बॉर्डर तक खराब सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की। वहीं गांव चौपाल में सीडीओ एम. अरुन्मोली, सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा और डीडीओ सुशील कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।
गांव चौपाल में लगा शिकायतों का अंबार
गांव चौपाल में वृद्धा पेंशन, किसान सम्मन निधि, आवास, मनरेगा में गड़बड़ी, जमीनी विवाद और सार्वजनिक शौचालय की शिकायतें आई। इस दौरान डीएम ने अधिकारियों को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। चटकनवा, बहिराडीहा में भी राशन कार्ड, जमीनी विवाद, धानेपुर में तालाब, चकरोड कब्जे, तेजपुर में जर्जर बिजली के पोल तालाब व रास्ते पर कब्जे के अलावा राशन कार्ड बनाने की शिकायतें की गई है। तेजपुर मे श्याम बरन पांडेय ने क्षेत्र में स्वास्थ्य केंद्रों पर कर्मियों की तैनाती की मांग की। डीएम नेहा शर्मा ने खपरी पारा ग्राम पंचायत में दो मामले जमीन कब्जे को लेकर पुलिस को फटकार लगाई और कहा उचित न्याय संगत कार्य करें।