मेडिकल कॉलेज में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से रक्तदान शिविर आज पांच बीमारियों की होगी मुफ्त जांच
संवाद न्यूज एजेंसी गोंडा। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में युवा, अधिवक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता, फार्मासिस्ट व शिक्षक रक्तदान कर महादानी बनेंगे।
महाराजा देवीबख्श सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में शिविर का शुभारंभ सुबह 10:00 बजे होगा। रक्तदान करने वाले व्यक्तियों को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से महादानी का खिताब व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक रक्तदाता को ब्लड-बैंक को डोनर कार्ड दिया जाएगा। इस कार्ड का उपयोग कर कभी भी जरूरतमंद को खून दिलाया जा सकता है। वहीं रक्तदान करने पर खून की पांच जांचें मुफ्त में हो जाएंगी। मलेरिया, हेपेटाइटिस बी व सी, एचआइवी, हीमोग्लोबिन व आयरन की जांच हो जाती है।
उत्साह के साथ ये करेंगे रक्तदान
रक्तदान शिविर में पंजीकरण कराने वाले महादानी बेहद उत्साहित हैं। मालवीयनगर निवासी विकास कुमार श्रीवास्तव शुक्रवार को 11वीं बार रक्तदान करेंगे। उन्होंने कहा कि ''अमर उजाला फाउंडेशन'' में ही तीन बार रक्तदान करने का अवसर मिला है। जब से नियमित रक्तदान करना शुरू किया है, तब से ब्लड-प्रेशर की समस्या से निजात मिल गई। इंकलाब फाउंडेशन के अध्यक्ष अविनाश सिंह 16वीं बार रक्तदान करने के लिए बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि किसी का जीवन बचाने में बेहद सूकून मिलता है और शरीर का विकास भी तेजी से बढ़ने लगता। अधिवक्ता राहुल दूबे तीन बार अमर उजाला फाउंडेशन की शिविर में तथा चार बार अन्य जरूरतमंदों को रक्तदान कर चुके हैं। आठवीं बार रक्तदान करेंगे।
जयनगरा निवासी शिवम पाठक पांचवीं बार रक्तदान करने को बेहद उत्साहित हैं। बनगाई के नौवागांव निवासी पंडित अशोक पांडेय ने रक्तदान की इच्छा जताते हुए कहा कि मानव सेवा का सौभाग्य मिला है। खरगूपुर के व्यवसायी देवकुमार सोनी ने कहा कि एक यूनिट खून से चार लोगों को नई जिंदगी मिल सकती है, परोपकार का सबसे अच्छा साधन रक्तदान है। कटराबाजार के व्यवसायी रितेश सोनी व राजेश कुमार भी रक्तदान करने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। बेलसर के मुजेड़ बिचछा पुरवा निवासी निवासी नरसिंह बहादुर सिंह ने कहा कि उन्हें जब भी मौका मिलता है रक्तदान का पुण्य जरूर अर्जित कर लेते हैं।
पंजीकरण के लिए करें संपर्क - रक्तदान करने के इच्छुक महादानी अपना नाम, मोबाइल नंबर व पेशा लिखकर मोबाइल नंबर 9368724174, 9721115904 पर भेजें।