मनकापुर (गोंडा)। ब्लॉक प्रमुख जगदेव चौधरी के पहल पर मनवर नदी के किनारे सरकारी भूमि पर भव्य बैकुंठ धाम का निर्माण होगा। जिसमें क्षेत्र पंचायत में आने वाली विभिन्न निधियों के बजट से यह कार्य पूरा किया जाएगा। वैदिक मंत्रोच्चारण के बाद भूमि पूजन एवं शिलान्यास का कार्यक्रम संपन्न हुआ।
मनकापुर-उतरौला मार्ग पर मनवर नदी पर बने इटिहवा पुल के पास स्थित करोड़ों रुपये की भूमि पर ग्राम सभा ज्ञानीपुर ईश्वरी के भूमि प्रंबधक समिति अध्यक्ष ग्राम प्रधान विजयधर द्विवेदी व सचिव/लेखपाल अम्बिकेश्वर की संस्तुति पर एसडीएम कीर्ति प्रकाश भारती ने अपनी सहमति जताई। इसी भूमि पर बैकुंठधाम का निर्माण होगा।
रविवार को पुरोहित पंडित अवधेश त्रिपाठी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजन-अर्चन कर यजमान ब्लॉक प्रमुख जगदेव चौधरी से बैकुंठधाम का शिलान्यास कराया। क्षेत्र पंचायत की विभिन्न निधियों तथा मनरेगा से बैकुंठ धाम में शवदाह स्थल, शांति स्थल निर्माण, बैकुंठ सरोवर, बाउंड्रीवाल, वृक्षारोपण आदि कार्य कराया जाएगा।
नवीन बैकुंठ धाम से ब्लाक क्षेत्र के कस्बा मनकापुर, बैरीपुर रामनाथ, पंडितपुर, आईटीआई, मिश्रौलिया गोसाई, नगरा पल्टीलाल, अधियारी, ज्ञानीपुर, मिर्जापुर रामनाथ, धुसवा, जिगना, अलवाल देवरिया, कुड़ासन, दतौली सहित तमाम गांवों के लोगों को अंतिम संस्कार करने में आसानी होगी। किसी भी मौसम में आसानी से अपने रीत रिवाज से अंतिम संस्कार को बिना किसी व्यवधान के पूरा कर सकेगें।
भूमिपूजन एवं शिलान्यास के समय खंड विकास अधिकारी विजयकांत मिश्र, आरईडी के जेई अमरेश सिंह, प्रधान संघ अध्यक्ष पप्पू सिंह, अमित दूबे, बब्बू मिश्रा, नवीन तिवारी, बैजू भाई, मकालू, सुरेश पांडेय, मंटू सिंह, कौशल, डीके पांडेय, ज्ञानेंद्र चौधरी, राम गोपाल आदि मौजूद रहे।