गोंडा। अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस पर कार्यक्रम आयोजित कर कोरोना संक्रमण काल में नर्सों की भूमिका की सराहना की गई। गुरुवार को जिला अस्पताल स्थित कोविड अस्पताल में नर्स दिवस पर केक काटा गया। कोरोना काल में मरीजों की सेवा करने वाली नर्सों को सम्मानित किया गया।
अस्पताल के प्रभारी डॉ. दीपक कुमार ने कहा कि एक मरीज की जान बचाने में जितनी अहम भूमिका चिकित्सक की होती है, उतनी ही नर्स की भी होती है। कोरोना संकट के दौरान लोगों की जान बचाने के लिए चिकित्सकों के साथ नर्सों ने भी अपना जीवन दांव पर लगा दिया था। उनकी इस सेवा के कारण लोग उन्हें सम्मान की दृष्टि से देखते हैं। कोरोना के डर से लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो गए थे, लेकिन नर्सों और स्वास्थ्य विभाग के अन्य स्टॉफ ने कोरोना का डटकर मुकाबला किया।
डॉ. कुलदीप पांडेय ने नर्सों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बीमारी के दौर में नर्सें ही देखभाल करने वाले अभिभावक की भूमिका में नजर आती हैं। कोविड के दौर में नर्सोँ का योगदान सराहनीय रहा। इस मौके पर स्टाफ नर्स मंदाकिनी जायसवाल, सुमन यादव, आकांक्षा सिंह, चंदन मिश्र आदि रहे।
सम्मानित किए गए नर्सिंग के छात्र
मसकनवा (गोंडा)। अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस के अवसर पर गुरुवार को मां गायत्री इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग पैरामेडिकल सांइसेज चांदनी चौक में आयोजित समारोह में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के दौरान नर्सिंग की छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि एसडीएम कीर्ति प्रकाश भारती ने किया। विशिष्ट अतिथि के रुप में खुशबू आर्या व सरोज सिंह रही। जीएनएम, एएनएम व बीएससी नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, भाव गीत, दहेज गीत, सेवा गीत, पंजाबी भागड़ा, राजस्थानी गीत प्रस्तुत किया। इस दौरान वंदना, आयुषी, सुमन सौरभ, गरिमा, वर्तिका शुक्ला, पल्लवी गुप्ता, पूजा वर्मा, सरिता, शिंवाश, श्याम, अभिषेक को मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि ने प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। कॉलेज के निदेशक डॉ. विजय बहादुर सिंह ने कहा कि नर्सिंग सेवा भाव से किया जाने वाला पुनीत कार्य है। इस मौके पर नीरज सिंह, मांडवी, जाह्नवी, रिचा, नेहा तिवारी आदि मौजूद रहीं।