गोंडा। करनैलगंज तहसील क्षेत्र में न्यायालय के आदेश पर रास्ते की जमीन से से अवैध अतिक्रमण हटाने के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता पर जानलेवा हमले के मामले में अपेक्षित कार्रवाई न होने से नाराज वकीलों ने विरोध जताया। अतिक्रमण हटवाने व अभियुक्तों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन मुख्य राजस्व अधिकारी को सौंपा। बीते सोमवार को जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष व मंत्री को पत्र भेजकर सहयोग मांगा था। वहीं, पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
अधिवक्ता हृदय नरायन मिश्र पर जानलेवा हमले के प्रकरण में मंगलवार को अधिवक्ता संघ भवन में आपातकालीन बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता अध्यक्ष रविचंद्र त्रिपाठी व संचालन महामंत्री रितेश कुमार यादव ने किया। बैठक में पुलिस की ओर से ठोस कदम नहीं उठाने पर आक्रोश जताया गया। सर्व सम्मति से प्रस्ताव पारित कर सार्वजनिक रास्ते से अवरोध हटाने व शेष अभियुक्तों के गिरफ्तारी मांग की गई।
बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन मुख्य राजस्व अधिकारी जयनाथ यादव को सौंपा। इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष बिंदेश्वरी दूबे, पूर्व वरिष्ठतम उपाध्यक्ष संतोषी लाल तिवारी, आशीष त्रिपाठी, रसिक बिहारी मिश्रा आदि मौजूद रहे। संवाद
चार आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
करनैलगंज (गोंडा)। अधिवक्ता हृदय नारायन मिश्र की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। इसमें नवीन दास वैश्य, उमेश शुक्ला, रतन शुक्ला निवासी नगर व राकेश कुमार निवासी ग्राम बरांव थाना कटरा बाजार का नाम शामिल है। आरोप है कि बीते 11 जून को संस्कृत पाठशाला के पास रास्ते की भूमि खाली कराने के दौरान आरोपियों ने हमल कर घायल कर दिया था। कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। (संवाद)