मनकापुर (गोंडा)। तेज रफ्तार डंपर ने टेंपो और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को ग्रामीणों की मदद से सीएचसी लाया गया। चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, और गंभीर रूप से घायल दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अमवा निवासी मोहम्मद इमरान अपने छोटे भाई मोहम्मद आफताब के साथ बुधवार की दोपहर बाइक से बलरामपुर के सादुल्लानगर शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। मनकापुर-मसकनवा मार्ग स्थित बगलुही पुल के पास सामने से आ रहे डंपर ने एक टेंपो के साथ-साथ उसकी बाइक को भी टक्कर मार दी। बाइक सवार मोहम्मद इमरान (30) की मौके पर मौत हो गई और छोटा भाई मोहम्मद अफ्ताक (25) और टेंपो पर सवार जनपद महाराजगंज क्षेत्र थाना ललिया के ग्राम नौवा कोयलीरवा निवासी विशनू (65) व जनपद बलरामपुर के थाना ललिया क्षेत्र के ग्राम इलायची नगर बलदेव निवासी बड़े (50) पुत्र मंशाराम गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस से सीएचसी लाया गया। जहां डॉ. रविश रिजवी ने घायल विशनू को मृत घोषित कर दिया, जबकि मोहम्मद अफ्ताक व बड़े पुत्र मंशाराम को गंभीर दशा में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और टेंपो व बाइक को कोतवाली ले आई। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और तहरीर मिलने पर मामला दर्ज किया जाएगा।