नवाबगंज (गोंडा)। दो हादसों में भाई बहन की जीवन लीला समाप्त हो गई। एक ही दोनों की अर्थी उठी। खेत में सरसों की फसल की रखवाली कर रहे भाई की आग की चपेट में आने से झुलस गया, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं भाई की मौत की सूचना थाने में देने जा रही बहन को ट्रक ने रौंद दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के जफरापुर गांव के डालीपुरवा मजरे के निवासी राम चंदू चौहान पुत्र खुशीराम अपने खेत में लगी फसल को पशुओं से बचाने के लिए छप्पर का मचान बना रखा था। गुरुवार की रात्रि में खेत की रखवाली करने के लिए खेत में गया। ठंड से बचने के लिए मचान के नीचे अलाव जलाकर सोने के लिए चला गया। रात्रि में करीब एक बजे अचानक मचान में आग लग गई। गांव वाले आग की लपटों को देखकर पहुंचे तब तक पूरा छप्पर जलकर राख हो गया। छप्पर के मचान में सो रहे रामचंदू चौहान की जलकर मौके पर मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आग लगने के कारण का पता किया जा रहा है।
उधर, थाना क्षेत्र के जफरापुर के डेलीपुरवा निवासी फूलन देवी पुत्री खुशीराम चौहान शुक्रवार को स्थानीय थाने पर भाई के मौत की तहरीर देने के लिए गई थी। वापस होते समय गोंडा-अयोध्या मार्ग पर नगवा मोड़ के पास पीछे से आ रहे अज्ञात ट्रक की टक्कर से बाइक पर सवार फूलन देवी सड़क पर गिर गई। पीछे से आ रही ट्रक उसे रौंदते हुए चली गई। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक महिला के बड़े भाई रामचंदू चौहान की रात्रि में खेत की रखवाली करते समय मचान में आग लगने से जल कर मौत हो गई थी। महिला अपनी भाभी के साथ थाने पर भाई के मौत की तहरीर देकर वापस अपने घर जा रही थी कि रास्ते में यह हादसा हो गया। (संवाद)