नवाबगंज (गोंडा)। अयोध्या-गोरखपुर फोरलेन हाईवे पर रविवार कह सुबह दिल्ली से बिहार जा रही डबल डेकर बस सड़क के किनारे खड़े ट्रक से जा भिंड़ी। हादसे में बस के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस सवार दो की मौत हो गई, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अयोध्या में भर्ती कराया गया है। वहीं, बस व ट्रक दोनों के चालक मौके से फरार हैं। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है।
जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में अयोध्या-गोरखुपर हाईवे पर यह हादसा रविवार की सुबह करीब सात बजे हुआ। दिल्ली से यात्रियों को लेकर लेकर बिहार जा रही डबल डेकर बस थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव के पास रायल हेरिटेज होटल के सामने फोरलेन हाईवे पर सड़क के किनारे गिट्टी लादकर खड़े ट्रक में अनियंत्रित होकर पीछे से जाकर भिड़ गई। ट्रक की टक्कर इतनी तेज थी कि बस के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में बस में सवार दो यात्रियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में आठ लोगों को अयोध्या जिला अस्पताल में तथा तीन लोगों को श्रीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यात्रियों की संख्या करीब 60 बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक सभी मजदूरी करने गए थे।
थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि घटना रविवार की सुबह सात बजे की है। कटरा शिवदयालगंज चौकी सहित थाने की फोर्स मौके पर पहुंच गई। आगे हिस्से में फंसे यात्रियों को निकलवाकर अयोध्या अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में बस में सवार श्याम नरायन सिंह (40) पुत्र बलकरन सिंह निवासी खोड़कुवर थाना हर्रैया जिला बस्ती और ममन कुमार (20) पुत्र चंद्रेश्वर प्रसाद निवासी चेहरा कला वैशाली बिहार की मौके पर मौत हो गई। गंभीर रूप से घायलों में जितेश कुमार (17) वर्ष मधेपुरा बिहार, दिनेश पासवान (60) मधुबनी बिहार, रामदेव (33) सुपौल बिहार, मंटू यादव (40) माधोपुरा बिहार, मोहम्मद निसार (40) दरभंगा बिहार, मोहम्मद नूर (52) भावत नगर दिल्ली, राजू मंडल (35) मधुबनी बिहार, मनोज कुमार (37) वर्ष मधुबनी बिहार, फूली पासवान (60) सहरसा बिहार, मुन्नी देवी (35) सुपौल बिहार तथा कमलेश यादव (22) मधुबनी बिहार की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल, फैजाबाद में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शव को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोंडा भेज दिया।
पुलिस ने जेसीबी की मदद से ट्रक में घुसी बस को खींच कर बाहर निकलवाया। जिस वक्त हादसा हुआ उस समय हल्की बारिश हो रही थी। इसके बावजूद स्थानीय लोगों ने मिल कर घायलों को बस से निकाल कर अस्पताल भेजवाया। दुर्घटना के बाद करीब दो घंटे तक हाईवे जाम रहा तथा यात्रियों में अफरा-तफरी का महौल बना रहा। घटना के बाद से ट्रक व बस के ड्राइवर का कोई पता नहीं चल पाया।
घायलों की सूची
- जितेश कुमार (17) वर्ष मधेपुरा बिहार, दिनेश पासवान (60) मधुबनी बिहार, रामदेव (33) सुपौल बिहार, मंटू यादव (40) माधोपुरा बिहार, मोहम्मद निसार (40) दरभंगा बिहार, मोहम्मद नूर (52) भावत नगर दिल्ली, राजू मंडल (35) मधुबनी बिहार, मनोज कुमार (37) मधुबनी बिहार, फूली पासवान (60) सहरसा बिहार, मुन्नी देवी (35) सुपौल बिहार तथा कमलेश यादव (22) मधुबनी बिहार।
मृतकों के नाम
- श्याम नरायन सिंह (40) निवासी खोड़कुवर थाना हर्रैया, जिला बस्ती
- ममन कुमार (20) निवासी चेहरा कला वैशाली बिहार