गोंडा। मिशन शक्ति फेज-3 कार्यक्रम के तहत शनिवार को जिला पंचायत सभागार में महिला सम्मान समारोह का शुभारंभ आयुक्त एसवीएस रंगाराव, पुलिस महानिरीक्षक देवीपाटन मंडल डॉ. राकेश सिंह ने किया।
कार्यक्रम में मिशनशक्ति के तहत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट काम करने वाली 75 महिलाओं को मेडल देकर सम्मानित किया गया। जिसमें से 11 फ्रंटलाइन वर्कर महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
साथ ही सभी महिलाओं को रक्षाबंधन के पावन पर्व के मद्देनजर राखी व कोविड -19 के बचाव के लिए मास्क वितरित किए गए। प्रभारी निरीक्षक महिला थाना पूनम यादव ने जनपद में मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं को जागरूक करने एवं उनकी सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों एवं एंटी रोमियों टीम द्वारा अवांछनीय तत्वों के विरुद्ध की जा रही कार्यवाहियों के संबंध में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते आईजी देवीपाटन डॉ. राकेश सिंह ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में कार्य करने पर जोर दिया। कहा कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आयी महिलाओं को अपने आस-पास के गांवों की महिलाओं व बालिकाओं को अधिक से अधिक जागरूक करने के लिए प्रोत्साहित करें।
इस दौरान जिलाधिकारी मार्कंडेय शाही, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा समेत अन्य अधिकारी/ कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान गाकर किया गया।