गोंडा। रेलवे टिकट चेकिंग स्टाफ ने बुधवार को बांद्रा एक्सप्रेस में टिकट चेकिंग के दौरान 434 यात्री बिना टिकट पकड़े। जिनसे चेकिंग स्टाफ ने एक लाख 51 हजार जुर्माना वसूला।
बता दें कि पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ डिवीजन के मण्डल रेल प्रबंधक डॉ. मोनिका अग्निहोत्री के आदेश पर बुधवार को गोंडा रेलवे स्टेशन पर टिकट चेकिंग स्टाफ ने गोरखपुर से बांद्रा जा रही है बांद्रा एक्सप्रेस में छापा मारा। जिसमें 434 यात्री बिना टिकट के यात्रा कर रहे थे।
जिसे टिकट चेकिंग स्टाफ ने पकड़ लिया और उनसे जुर्माना के तहत एक लाख 51 हजार वसूला गया। बताया जाता है कि गत 5 दिन पूर्व में इसी ट्रेन में 127 बिना टिकट यात्रियों को पकड़कर उनसे जुर्माना के तहत करीब 52 हजार रुपये वसूली की गई थी।
इसके अलावा अभी तीन दिन पूर्व 203 बिना टिकट यात्रियों को पकड़ा गया था। जिनसे करीब 75 हजार रुपये वसूली किया गया था। दो वर्ष में पहली बार मुंबई जाने वाली दो ट्रेन में लगातार चार दिन में सैकड़ों यात्री बिना टिकट पकड़े जाना अपने आप मे आश्चर्यचकित की बात है।
चेकिंग स्टाफ का मंडल वाणिज्य निरीक्षक आनंद कुमार चतुर्वेदी ने किया। इस मौके पर प्लेटफार्म इंस्पेक्टर के एल यादव, सीआईटी राकेश मिश्र, एस पी सिंह व सीटीटीआई मोहम्मद अकरम सहित दर्जनों टीटीई, आरपीएफ व जीआरपी के जवान मौजूद थे। उधर टिकट चेकिंग स्टाफ के द्वारा किए गए इस कार्य को सीनियर डीसीएम अंबर प्रताप सिंह ने बधाई दी है।