गोंडा। मंडलीय कार्यालय देवीपाटन स्थापित होने के बाद शुक्रवार को पहली बार सेवायोजन विभाग के तत्वावधान में पिंक रोजगार मेले का आयोजन किया गया। सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली महाविद्यालय में आयोजित पिंक रोजगार मेले में बेरोजगार महिलाओं की खासी भीड़ उमड़ी। मेले में कुल 560 महिलाओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से विभिन्न कंपनियों ने 419 महिलाओं का चयन नौकरी के लिए किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि महिलाओं के लिए इस तरह के आयोजन न सिर्फ रोजगार के अवसर खोलते हैं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मजबूत कदम भी हैं। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं के आर्थिक रूप से सशक्त होने से परिवार और समाज दोनों को बल मिलता है।
सहायक जिला सेवायोजन अधिकारी गुलाब चंद्र मौर्य ने बताया कि देवीपाटन मंडल के इतिहास में पहली बार पिंक रोजगार मेले में कुल 560 महिलाओं ने पंजीकरण कराया। इस दौरान महादेव हनुमान विजय प्लेसमेंट सर्विसेस, सिस्का इलेक्टि्रकल एंड मैनेजमेंट इंटरप्राइजेज, श्रीगणेश कंसल्टेंट, आरआर मैनपॉवर मैनेजमेंट, स्टार ग्रुप ऑफ मैनपॉवर, पुखराज हेल्थ केयर, नीमसन हर्बल, आरके इलेक्ट्राॅनिक्स और नोएडा की वीवो मोबाइल समेत कुल नौ कंपनियों के प्रतिनिधि पिंक रोजगार मेले में शामिल हुए। इसमें इलेक्टि्रशियन, टाटा मोटर्स एंड एमआरएफ टायर, टाटा इलेक्टि्रानिक्स, ऑफिस सुपरवाइजर टेली कॉलिंग, लोन ऑफिसर, ट्रेनी, टैली कालिंग कंम्प्यूटर ऑपरेटर, फील्ड एक्जीक्यूटिव, ऑफिस असिस्टेंट रिसेप्शनिस्ट और टेली कॉलर डाटा पदों के लिए 419 महिलाओं को चुना गया। उनका चयन स्थानीय स्तर के साथ ही लखनऊ, अयोध्या, नोएडा, वाराणसी आदि शहरों के लिए किया गया है। कार्यक्रम से पहले छात्राओं ने योगाभ्यास के साथ ही स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इस दौरान कॉलेज की प्राचार्य डॉ. आरती श्रीवास्तव, गोंडा एसपी की पत्नी डॉ. तन्वी जायसवाल, डॉ. आशू त्रिपाठी आदि मौजूद रहीं।
महिला सशक्तीकरण के लिए पिंक मेला जरूरी
महिला सशक्तीकरण के लिए महाविद्यालय अपने स्तर से हर संभव प्रयास करता रहा है। मगर इस तरह के पहले आयोजन से छात्राओं व महिलाओं के लिए विशेष अनुभव हो रहा है। इसे और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को नौकरी दिलाई जा सके।
डॉ. आरती श्रीवास्तव, प्राचार्य, नारी ज्ञानस्थली महाविद्यालय
अब लगातार होगा पिंक मेले का आयोजन
पिंक मेले में महिलाओं के उत्साह को देखते हुए अब लगातार पिंक मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें अधिक से अधिक महिलाएं शामिल हों, इसके लिए जरूरी प्रयास किए जाएंगे।
गुलाब चंद्र मौर्य, सहायक जिला सेवायोजन अधिकारी।