गोंडा। पुलिस लाइंस में दो सौ से अधिक पुलिसकर्मियों को योगाभ्यास का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मंगलवार को योग प्रशिक्षण शिविर में डीएम डॉ. उज्ज्वल कुुमार व एसपी संतोष कुमार मिश्र ने पुलिसकर्मियों के साथ योगाभ्यास किया। साथ ही पुलिसकर्मियों का उत्साह बढ़ाया। ताकि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिले के सभी 17 थानों और 35 पुलिस चौकियों में भी योगाभ्यास का आयोजन कराया जा सके।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को है। इसके लिए एक माह से तैयारियां हो रहीं हैं। ब्लॉकों के साथ ही विभागों की ओर से योगाभ्यास का आयोजन हो रहा है। अब तक करीब 30 हजार लोगों को योग का प्रशिक्षण देकर तैयार किया गया है। जबकि करीब छह लाख लोगों को योग के बारे में जानकारी दी जा चुकी है। इसी कड़ी में मंगलवार को पुलिस लाइंस के परेड ग्राउंड में योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें योग प्रशिक्षकों ने पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित किया। साथ ही योग के जानकार पुलिसकर्मियों को थानों और चौकियों में योगाभ्यास कराने के लिए प्रेरित किया गया।
गर्मी की छुट्टियों से स्कूलों में योगाभ्यास नहीं हो सका। स्कूलों में पहले से ही योगा से प्रशिक्षित शिक्षक व अनुदेशक हैं। 16 जून को स्कूल खुलने पर उन्हें भी योग से जोड़ने का अभियान शुरू होगा। जिससे 20 जून तक शिक्षकों को भी तैयार किया जा सके और वे स्कूलों में लोगों को योग का प्रशिक्षण दे सकें। इसकी तैयारी अभी से शुरू हो गई है। पहले दिन ही जिले के 85 शैक्षिक सहयोगियों के साथ ही 800 के करीब संकुल शिक्षकों को जुटाया जाना है। जो हर शिक्षक को योग की जानकारी देकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के दिन आयोजन के लिए तैयार कर सकें। इसके अलावा पंचायतों में भी आयोजन की तैयारी पूरी हो गई है।
जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुुमार ने बताया कि हर ब्लॉक व वेलनेस सेंटर के माध्यम से लोगों को योग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पंचायतों के साथ ही स्कूलों में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के दिन आयोजन होंगे। जिले स्तर पर भव्य आयोजन होगा।