मसकनवा (गोंडा) विकास खंड छपिया के ग्राम पंचायत इटैला खुर्द व बक्शीभारी जीराभारी गांवों में अज्ञात बीमारी से पशुओं की मौत हो रही है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य अभिमन्यु पटेल ने बताया कि पिछले दस दिनों में अज्ञात बीमारी से ग्यारह पशुओं की मौत हो चुकी है। दुधारू पशु अचानक चारा लेना, जुगाली करना बंद कर देते हैं, मुंह से लगातार लार गिरने के बाद दो से तीन दिन में उनकी मौत हो जाती है।
ग्रामीणों ने बताया कि पशुओं की यह बीमारी गांवों में बहुत तेजी से फैल रही है। आसपास के गांवों में भी दुधारू पशुओं को यह बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। इसकी जानकारी के बाद पशु चिकित्सकों की एक टीम गांव में पहुंची, लेकिन बीमारी के बारे में पता नहीं लगा सकी। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक मिश्रा ने बताया कि उन्होंने बभनजोत के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विद्याराम वर्मा सहित अन्य पशु चिकित्सकों की टीम के साथ गांव में जाकर पशुओं का टीकाकरण व दवाओं का वितरण कराया गया है।