देवकली। रामपुर मांझा थाना क्षेत्र के बाजार में रविवार को तीन आभूषण की दुकानों में तोड़फोड़ करने और एक दुकानदार पर एसिड फेंकने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्जकर छानबीन शुरू कर दी थी। पुलिस को पता चला कि कुछ दिन पूर्व सोने की अंगूठी खरीद-फरोख्त के मामले में लेन-देन को लेकर महमूदपुरपाली गांव के युवकों ने मारपीट की थी। पुलिस आरोपियों को दबोचने के लिए सीसीटीवी फुटेज को खंगालने के साथ चिह्नित करने में जुटी हुई है। उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। बाजार स्थित विशाल ज्वेलर्स, दीपक ज्वेलर्स, रामाधार ज्वेलर्स की दुकान पर अचानक अज्ञात हमलावर के बीच लाठी डंडे से लैस होकर पहुंचे और तोड़फोड़ करने के साथ मारपीट करने लगे। इसमें गोपाल वर्मा के सिर में गंभीर चोट आई। वहीं, उनके परिवार के कई लोग घायल हो गए। हमलावर आभूषण साफ कर के लिए रखे तेजाब के बर्तन को उठाने लगे। इस दौरान हमलावर ने तेजाब फेंक दिया था, जिससे अमित वर्मा के हाथ और शरीर के कई जगह झुलस गए थे।
उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल लाया गया था। इस संबंध में एसपी सिटी ज्ञानेंद्र प्रसाद ने बताया कि देवकली बाजार में अमित कुमार वर्मा की दुकान पर कुछ दिन पूर्व अंगूठी बेचन और पैसे लेनदेन के संबंध में विवाद हुआ था। इसी विवाद में महमूदपुर पाली गांव के कुछ लड़कों द्वारा मारपीट की गई थी। मुकदमा दर्जकर आरोपियों को दबोचने की कार्रवाई की जा रही है।