गाजीपुर। शहर सहित जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार की शाम मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। धूल भरी तेज आंधी संग रिमझिम फुहारे पड़ने से जहां मौसम सुहाना हो गया वहीं आंधी की वजह से कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के तार टूटने से आपूर्ति बाधित हो गई। शहर से कुछ दूरी पर स्थित महाराजगंज क्षेत्र में एक अहाते में खड़ी लग्जरी गाड़ी पर पेड़ गिर जाने से वह क्षतिग्रस्त हो गई।
पिछले कई सप्ताह से आसमान से अंगारे बरस रहे थे। सुबह आठ बजे से शुरू हुआ तेज धूप का कहर शाम पांच बजे तक बना रह रहा था। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों की कौन कहे शहर के कई प्रमुख बाजारों में सन्नाटा पसर जा रहा था। इसी क्रम में कुछ दिन पहले मौसम के तेवर नरम होने से गर्मी से बेहाल लोगों को कुछ राहत मिली। बीते शनिवार की देर शाम तेज हवाओं संग बूंदाबांदी होने से मौसम खुशगवार हो गया। हालांकि अगले दिन तेज धूप निकलने से तापमान में फिर इजाफा हो गया। सोमवार को दिन में मौसम तल्ख था। इसके बाद शाम होते ही अचानक उसका मिजाज बदल गया। धूल भरी आंधी के साथ कई जगहों पर रिमझिम फुहारें पड़ीं। आंधी की वजह से शहर के साथ ही कई ग्रामीण क्षेत्रों में पेड़ एवं बिजली के तार टूटने की घटना हुई है।
शहर के रौजा स्थित मुहम्मदाबाद बस स्टैंड के पास बिजली के खंभे पर शीशम का पेड़ तथा आलमपट्टी के पास गाजीपुर-मुहम्मदाबाद मार्ग पर एक पेड़ गिर गया। मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार सुल्तानपुर गांव के सामने गाजीपुर-हाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आंधी से पेड़ गिर गया। पैदल और साइकिल से आवागमन कर रहे लोग तो किसी तरह पेड़ के अगल-बगल से निकल गए, लेकिन बाइक और चार पहिया वाहनों का निकलना संभव नहीं हो पाया। टूटे तारों की मरम्मत कराकर कई जगहों पर आपूर्ति शुरू करा दी गई थी। इसी तरह कुछ अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी शाम को अचानक धूल भरी आंधी आने से आवागमन कर रहे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।