क्षेत्र के मेदिनीपुर स्थित पानी टंकी से रमवल एवं मिर्जापुर गांव को भूमिगत पाइपलाइन के जरिए होने वाली आपूर्ति पिछले डेढ़ माह से पाइपलाइन की मरम्मत न होने से ठप पड़ी है। इसके कारण सैकड़ोंघरों के लोगों को शुद्ध पेयजल के लिए इधर- उधर भटकना पड़ रहा है। पानी टंकी के संचालन का प्रभार संभाल रही संबंधित पंचायत एवं अधिकारियों की इस उदासीनता के कारण ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
क्षेत्रीय ग्रामीणों ने बताया कि एक तरफ सरकार जहां समय से शुद्ध पेयजल आपूर्ति को लेकर प्रयासरत है। वहीं जिम्मेदारों के द्वारा इसको लेकर बरती जा रही घोर उदासीनता समझ से परे हैं। जलापूर्ती ठप होने से लोगों को कुएं, हैंडपंपों तक का सहारा लेना पड़ रहा है। इसको लेकर कई बार शिकायत किया गया, लेकिन स्थिति यथावत बनी हुई है। लोगों ने चेताया कि अगर जल्द क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत कर आपूर्ति चालू नहीं किया गया तो ग्रामीण सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे। इस संबंध में पानी टंकी के संचालन का प्रभार संभाल रही मेदिनीपुर ग्राम पंचायत की प्रधान रीता देवी ने बताया कि जलापूर्ति को लेकर गंभीर है, जल्द क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत करा आपूर्ति शुरू करा दिया जाएगा।