मलिन बस्तियों में रहने वाले लोगों को चिकित्सकीय सुविधा पहुंचाने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन योजना के तहत स्थापित अर्बन हेल्थ पोस्टों की ओपीडी अब आठ घंटे खोली जाएगी। गुरुवार को मिशन निदेशक ने मुख्य चिकित्साधिकारी को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी। निर्देश मिलने के बाद सीएमओ एमपी सिंह ने हाथीखाना और रजदेपुर स्थित अर्बन हेल्थ पोस्ट पर तैनात प्रभारी चिकित्सक को आठ घंटे ओपीडी का संचालन करने का निर्देश दिया है।
जिले के हाथीखाना और रजदेपुर में स्थित अर्बन हेल्थ पोस्ट के ओपीडी संचालन का समय पहले सुबह 8 से 12 और शाम 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक निर्धारित किया गया था। दोनों अर्बन हेल्थों पोस्टों पर स्वास्थ्य कर्मियों की कमी को देखते हुए ओपीडी संचालन में परिवर्तन कर दिया गया है। अब दोनों अर्बन हेल्थ पोस्टों की ओपीडी सुबह के 9 से शाम 5 बजे तक चलेगी। शहर के मलिन बस्तियों में रहने वाले लोगों को घर के पास ही चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध हो सके इसके लिए अर्बन हेल्थ पोस्टों की स्थापना कराई गई थी।
इन अर्बन हेल्थ पोस्टों पर बीते वर्ष चिकित्सकीय सुविधा भी बढ़ाई गई थी जिससे वहां के लोगों को बेहतर चिकित्सकीय सुविधा का लाभ मिल सके। इस संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एमपी सिंह ने बताया कि हाथीखाना और रजदेपुर में स्थापित दोनों अर्बन हेल्थ पोस्टों के ओपीडी का संचालन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। ओपीडी संचालन का निर्देश दोनों अर्बन हेल्थ पोस्ट पर तैनात प्रभारी चिकित्सकों को दे दिया गया है।