शहर कोतवाली क्षेत्र के गोड़ा देहाती गांव में बृहस्पतिवार की रात बाबा को खाना खिलाने और भूमि विवाद में चाचा ने अपने पुत्रों के साथ मिलकर लोहे के रॉड और लाठी से पीटकर भतीजे की हत्या कर दी।
जबकि मृतक की मां व बड़े भाई सहित चार लोगों को घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया। उसकी हालत चिंता जनक बनी हुई है। मृतक के छोटे भाई ने चाचा और उसके दो बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने देर शाम तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक के भाई श्रवण कुमार बिंद ने बताया कि मां सुगनी देवी बाबा कतवारू बिंद को रात में खाना खिला रही थीं। उसी समय चाचा लालचंद बिंद पहुंचे और मां को गाली देने लगे। चाचा ने कहा कि खाना खिलाकर जमीन अपने नाम कराना चाहती है।
इस पर मां ने कहा कि ससुर से जमीन बेचवाकर पैसे तुम ले रहे हो और मैं खाना खिला रही हूं कि जमीन बिकने न पाए। इस बात पर चाचा लालचंद बिंद अपने पुत्र बजरंगी कुमार बिंद उर्फ शशि और सूरज बिंद के साथ बाबा को लाठी से मारने लगे।
जब मां ने उन्हें बचाने का प्रयास किया तो आरोपी चाचा ने उनके सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। यह देख मझला भाई जितेंद्र बिंद (27) और बड़ा भाई अंगद बिंद बीचबचाव करने लगे। इस पर आरोपी चाचा और उसके दोनों पुत्रों ने जितेंद्र और अंगद को भी लाठी-डंडे व लोहे के रॉड मारकर अचेत कर दिया। बीचबचाव करने में कलावती देवी और शिवलोचनी देवी घायल हो गईं।
वारदात को अंजाम देकर आरोपी चाचा अपने दोनों पुत्रों के साथ फरार हो गया। ग्रामीणों की मदद से घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने मझले भाई जितेंद्र बिंद को मृत घोषित कर दिया। बड़े भाई अंगद को वाराणसी रेफर कर दिया। जबकि मां सहित घायल तीनों महिलाओं का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को मॉर्च्यूरी में रखवा दिया। वहीं चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। शहर कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि बाबा को खाना खिलाने और जमीन विवाद में चाचा और उसके दोनों पुत्रों ने लाठी-डंडा व रॉड से हमलाकर भतीजे की हत्या कर दी है।
मृतक के छोटे भाई श्रवण कुमार बिंद की तहरीर पर आरोपी चाचा और उसके दोनों पुत्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।