गाजीपुर। बहरियाबाद थाना क्षेत्र के बघाईं गांव में होली के दिन आयोजित पार्टी में कहासुनी के दौरान गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई थी। वारदात को अंजाम देने वाले दो नामजद आरोपियों को पुलिस ने रविवार की देर शाम धर-दबोचा। पूछताछ के बाद चालान कर दिया गया।
मालूम हो कि बीते 18 मार्च को होली के दिन देर शाम गांव में पार्टी आयोजित थी। कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया था। इधर घटना स्थल पर पहुंची अर्पिता ने देखा कि उसके पति राजेश राजेश यादव (32) के सिर में गोली लगी हुई है और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिरे थे। ग्रामीणों की सहायता से परिवार के लोग घायल को उपचार के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर ले गए थे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। इस मामले में मृतक की पत्नी अर्पिता ने दो लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। वहीं पुलिस को छानबीन के दौरान पता चला कि पार्टी में शराब पीकर लोग नाच रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और राजेश यादव को हत्यारों ने गोली मार दी थी। एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी ने बताया कि होली के दिन आयोजित पार्टी में शराब के नशे में कुछ लोग नाच रहे थे। इसी दौरान कहासुनी के बाद युवक को गोली मार दी गई थी। दोनों नामजद आरोपियों सुनील यादव उर्फ गुड्डू और विंध्याचल यादव उर्फ मुलायम निवासी बघाईं को उसके गांव के बाहर से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद चालान कर दिया गया।