डूबे किशोर का शव मिला
कोतवाली क्षेत्र के बच्छलपुर गंगा घाट स्थित पीपा पुल के पास नहाते समय डूबे किशोर का शव गुरुवार को सेमरा गांव के पास उतराया मिला। परिजन शव लेकर घर चले गए और पुलिस को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिए। बड़कीबारी गांव निवासी हरेंद्र यादव (15) बुधवार की शाम बच्छलपुर गंगा तट स्थित पीपा पुल के पास नहाने गया था।
साथियों के साथ बीच गंगा में पड़े रेत पर पीपा में लगी रस्सी के सहारे उतरकर स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया। जब तक उसके साथी उसे बचाते वह डूब गया। गोताखोरों ने हरेंद्र की तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। दूसरे दिन परिजन स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश में जुटे थे। सेमरा के पास हरेंद्र का शव पानी में उतराया मिला। शव पानी से बाहर निकलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
बिजली गिरने से ट्रक चालक की मौत
मरदह थाना क्षेत्र के दिवानपट्टी महेगवा गांव में गुरुवार की दोपहर करीब एक बजे बिजली गिरने से ट्रक चालक श्रीवंत चौहान उम्र (30) की मौत हो गई। जबकि उसका साथी राजेंद्र चौहान झुलस गया, उसका उपचार मऊ स्थित निजी अस्पताल में चल रहा है। वह साथी के साथ धान की तैयार हो रही नर्सरी की सिंचाई करने गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
युवक को मारपीटकर किया घायल
भुड़कुड़ा कोतवाली के अलीपुर मदरा गांव में बुधवार की देर रात अच्छे लाल के दरवाजे पर पड़ोसियों द्वारा कचरा और बर्तन धोने का विरोध करना युवक को महंगा पड़ गया। नाराज लोगों ने मारपीटकर घायल कर दिया। लहूलुहान हालत में पीड़ित कोतवाली पहुंचा। पुलिस ने दूसरे दिन पीड़ित का मेडिकल कराया और छानबीन शुरू कर दी। कोतवाल तारावती ने कहा कि तहरीर मिली है कार्रवाई चल रही है।
करंट से युवती झुलसी
भुड़कुड़ा कोतवाली के गौरा खास मस्जिद स्थित सरकारी ट्यूबवेल के पास लोहे के विद्युत पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से सोनी वर्मा (18) गंभीर रूप से झुलस गई। घायल को जखनिया सीएचसी लाकर भर्ती कराया गया।