खानपुर थानाक्षेत्र के अनौनी बाजार में बृहस्पतिवार की रात चोरों ने चार दुकानों का ताला तोड़कर 20 हजार रुपये नकदी और हजारों रुपयों के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। शुक्रवार की सुबह घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने छानबीन करने के साथ अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
अनौनी बाजार के मंगल प्रजापति, रामवृक्ष यादव, दुर्गा यादव और गुड्डू वर्मा अपनी-अपनी दुकान बंदकर देर शाम प्रतिदिन के तरह घर चए गए थे। देर रात चोरों ने दुकानों का ताला तोड़कर एक दुकान से 18 हजार नकदी और चार बंडल बिजली के तार, रामवृक्ष की खाद बीज की दुकान से 2600 रुपये नकद, कृष्ण कुमार वर्मा की सराफा की दुकान से 24 पायल, एक पीस हाथ पंजा, एक पीस करधनी सहित सोने के आभूषण और दुर्गा यादव की दुकान से पांच बंडल बिजली के तार पर हाथ साफ कर दिया। थानाध्यक्ष जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि दुकानदारों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है।