ताड़ीघाट-मऊ रेल परियोजना के पहले चरण में सदर तहसील के सिटी स्टेशन और जमानिया तहसील के सोनवल से निर्माणाधीन गाजीपुर घाट स्टेशन को जोड़ने का कार्य शुरू हो गया है। गाजीपुर-जमानिया-सैयदराजा 24/97 राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित झिंगुरपट्टी देहात से करीब सात सौ मीटर लंबी नई लाइन बिछाने के लिए जमीन अधिग्रहण की कार्रवाई पूरी हो चुकी है। कार्यदायी संस्था और आरवीएनएल ने पाइलिंग का काम शुरू कर दिया है। कुल 110 में से 49 स्थानों पर पाइलिंग हो चुकी है।
घाट की तरफ जाने वाली नई लाइन के लिए 23 नए पिलर बनाए जाने हैं ताकि उस पर गार्डर लांचिंग कर ट्रैक लगाने का काम किया जा सके। यह काम आगामी जून तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद इस पर ट्रेनों का संचालन हो सकेगा। 700 मीटर लंबी इस लाइन के लिए सदर तहसील के झिंगुरपट्टी देहात और सुखदेवपुर के करीब 200 काश्तकारों की दो हेक्टेयर के आसपास जमीन का अधिग्रहण किया गया था। इसमें से 93 भू-स्वामियों को करीब बारह करोड़ के मुआवजे का भुगतान किया जा चुका है। पहले चरण की इस महत्वपूर्ण पूरी परियोजना के लिए सदर तहसील और जमानिया तहसील के कुल सत्रह गांव के 2917 किसानों की 35.5310 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया गया है। 2299 किसानों की 31.0512 हेक्टेयर जमीन का एक अरब 87 करोड़ एक लाख 30 हजार 671 रुपये का भुगतान किया जा चुका है। शेष 618 काश्तकारों की 4.4798 हेक्टेयर का 33 करोड़ 53 लाख आठ हजार 526 रुपये मुआवजे का भुगतान करना शेष रह गया है।
परियोजना के अंतर्गत गंगा नदी पर 450 करोड़ की लागत से रेल सह सड़क पुल जबकि सोनवल और घाट पर 25-25 करोड़ की लागत से नया स्टेशन बन रहा है। इसके अलावा शहर स्थित रजागंज के पास पचीस करोड़ की लागत से एक ब्लाक हट स्टेशन और सुखदेवपुर चौराहे से शहर की तरफ जाने वाले मार्ग के बगल से एक आरयूवी बनाया जाना प्रस्तावित है। सदर तहसील के रजागंज चौकी के पास और जमानिया तहसील के मेदिनीपुर के पास गाजीपुर-जमानिया-सैयदराजा राष्ट्रीय राजमार्ग 24/97 के ऊपर से नई लाइन जाएगी जबकि इसके नीचे से वाहन गुजर सकेंगे। इस दौरान इन दो जगहों पर गार्डर लांचिंग के समय भविष्य में मेगा ब्लाक लेकर वाहनों का रूट डायवर्जन किया जाएगा।