ब्लॉक संसाधन केंद्र सैदपुर में शुक्रवार को क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालयों की प्रबंध समिति के अध्यक्षों, ग्राम प्रधानों, सचिवों एवं प्रधानाध्यापकों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसका उद्घाटन करते हुए मुख्य अतिथि डायट के प्राचार्य सोमारु प्रधान ने कहा कि कायाकल्प योजना में ग्राम प्रधानों की भूमिका कारगर साबित हुई है। जिन ग्राम प्रधानों और विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्षों ने अपनी जिम्मेदारी के प्रति रचनात्मक भूमिका निभाई आज उनके ग्राम के विद्यालय जनता के बीच उदाहरण बने हुए हैं।
विशिष्ट अतिथि एवं सैदपुर के ब्लॉक प्रमुख हीरा सिंह यादव ने कहा कि प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा का स्तर काफी सुधरा हुआ है। उन्होंने सैदपुर क्षेत्र के जरूरतमंद विद्यालयों का सर्वे कराकर उन्हें क्षेत्र पंचायत मद से विद्यालय का विकास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने उपस्थित ग्राम प्रधानों एवं विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्षों का आह्वान किया कि वह अपने प्राप्त धन का सदुपयोग करते हुए विद्यालय को संतृप्त करने का कार्य करें। खंड शिक्षा अधिकारी राजेश सिंह एवं शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने ब्लॉक प्रमुख हीरा सिंह को शाल एवं बुके देकर सम्मानित किया। कायाकल्प योजना के 19 बिंदुओं को पूरी तरह संतृप्त करने वाले ग्राम प्रधानों एवं शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षक संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, राधेश्याम सिंह यादव, डॉ. रविंद्र सिंह यादव, कमलेश सिंह यादव उपस्थित थे। संचालन इसरार अहमद सिद्दीकी ने किया।