सीसीटीवी कैमरे से लैस होने वाला जनपद का पहला निकाय नगर क्षेत्र बनने जा रहा है। नगर क्षेत्र के चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। कुल 75 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की योजना है। इस प्रोजेक्ट पर कुल 82.42 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। यह कवायद नगर पालिका प्रशासन की ओर से की जा रही है।
जनपद में आठ नगर निकाय हैं। इनमें मुहम्मदाबाद, जमानिया व गाजीपुर नगर पालिका क्षेत्र है। जबकि बहादुरगंज, सादात, दिलदारनगर, जंगीपुर व सैदपुर नगर पंचायत क्षेत्र में शामिल हैं। अब तक जिले के किसी भी नगर निकाय की ओर से अपने क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने की पहल नहीं की गई है। गाजीपुर नगर पालिका जनपद की पहली ऐसी निकाय है, जिसकी ओर से ऐसी कवायद की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से पुलिस प्रशासन को भी सहायता मिलेगी। पुलिस प्रशासन अपराधिक गतिविधियों की कुंडली साक्ष्य समेत खंगाल सकेगा। इससे नगर क्षेत्र में सुरक्षा का एक माहौल विकसित होगा। साथ ही नगर पालिका प्रशासन अपने विकास कार्यों की मानीटरिंग कर सकेगी। इसके अलावा शहर में प्रतिदिन होने वाली सफाई-व्यवस्था पर भी पैनी नजर रहेगी। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने में आसानी रहेगी। नगर में कुल 75 कैमरे लगाए जाने की योजना है। साथ ही कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा। करीब छह महीने पहले नगर पालिका प्रशासन की ओर से शासन को इसका प्रस्ताव भेजा गया था। शासन की ओर से प्राथमिक वित्तीय मंजूरी दे दी गई है। इससे प्रस्ताव के धरातल पर मूर्त रूप लेने का रास्ता साफ हो गया है।
नगर के इन जगहों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
गाजीपुर। नगर में भाजपा कार्यालय के पास, सैनिक चौराहा रेलवे क्रॉसिंग, नवाब साहब फाटक, सोनार गली, रजागंज पुल, एमएएच तिराहा, टाउनहाल तिराहा, रजदेपुर चौराहा, सिंचाई विभाग चौराहा, विकास भवन चौराहे पर सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। मेडिकल कॉलेज अस्पताल ट्राॅमा सेंटर व पुरानी अस्पताल बिल्डिंग, सैनिक चौराहा, सदर एसडीएम/तहसीलदार कार्यालय गेट कैंपस, विशेश्वरगंज तिराहा, झुन्नूलाल चौराहा, पीजी कॉलेज चौराहा, महुआबाग चौराहा, मिश्रबाजार तिराहा, लंका-अंधऊ बाइपास तिराहे पर भी लगाए जाएंगे। बड़ीबाग चुंगी तिराहा, ददरीघाट चौराहा, रेलवे स्टेशन तिराहा, शास्त्री नगर तिराहा, चीतनाथ तिराहा, कचहरी, फुल्लनपुर रेलवे क्रॉसिंग, आरटीआई चौराहा पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की योजना है।
नगर में सीसीटीवी कैमरा लगाने के प्रस्ताव को शासन से प्राथमिक वित्तीय मंजूरी मिल गई है। धनराशि आवंटन की प्रक्रिया चल रही है। - डीके राय, ईओ नगर पालिका।