दुबिहा। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के करकटपुर गांव में सोमवार को मां और उसके 16 माह के बेटे का शव कमरे में कुंडी पर साड़ी के सहारे लटकता मिला। शव और मौके की स्थिति देखने के बाद पुुलिस हत्या और आत्महत्या को लेकर उलझी हुई है। फिलहाल, मायके पक्ष के आरोप के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही मृतका के पति, सास और ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
करकटपुर गांव निवासी राहुल गोड़ की पत्नी सलिता (25) और इकलौता बेटे ऋषभ (16 माह) का शव घर में कुंडी पर साड़ी के सहारे लटकता मिला। सूचना पर पहुंचे मृतका के पिता नंदलाल गोड ने करीमुद्दीनपुर थाने में दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए हत्या करने का आरोप बेटी के पति, सास, ससुर और देवर पर लगाया है। वहीं, मृतका के पति का कहना था सुबह 10 बजे वह गांव में किसी काम से गया था। उसकी मां सुंदरी देवी पशुओं के लिए चारा काटने के लिए खेत में गई थी। पिता विजय ऑटो रिक्शा चलाकर घर आए। विजय के मुताबिक उनकी बहू सलीता खाना खाने के लिए भी दिया, जिसके बाद वह बाहर आ गए। इसी बीच 11 बजे राहुल घर पहुंचे तो दरवाजा देखा बीम पर फंदे के सहारे पत्नी और बेटा का शव लटक रहा था। ऊपर बेटा और उसके नीचे पत्नी का शव लटक रहा था। जबकि दरवाजा अंदर से बंद नहीं था। ऐसे में वह शोर मचाया तो आसपास के लोग जुट गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस शव और वहां की स्थिति देखने के बाद उच्चाधिकारियों को खबर किया।
दोपहर डेढ़ बजे एएसपी ग्रामीण अतुल सोनकर, नायब तहसीलदार राहुल सिंह फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचे। जांच के बाद टीम ने दोपहर दो बजे शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्मट के लिए भेज दिया। साथ ही मृतका के पिताऔर मां उर्मिला के आरोप के आधार पर आरोपी पति, उसकी मां और पिता को हिरासत में लेकर थाने गई। जहां घटना के संबंध में जांच में जुटी हुई है। थानाध्यक्ष करीमुद्दीनपुर बिरेंद्र कुमार ने बताया की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।