जनपद में यातायात समस्या एवं अतिक्रमण के संबंध में जिलाधिकारी एम पी सिंह की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह की उपस्थिति में शहर के व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ जिला पंचायत सभागार में बैठक संपन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि किसी भी रेहड़ी, ठेला, खोमचा और फुटपाथ पर व्यापार करने वाले दुकानदारों को किसी प्रकार की समस्याओं का सामना नहीं करना पड़े इस के लिए उनके लिए अस्थाई तौर पर स्थान चिह्नित किए जा रहे है।
जहां वह अपने रोजगार को सकुशल आगे बढ़ा सकेंगे। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण सड़क और नालियों पर होने की वजह से हटाया जा रहा है। हमारा उद्देश्य किसी के रोजगार का तोड़ना नही है बल्कि उन्हें व्यवस्थित स्थानों पर ले जाना है। जिससे शहर में जाम की समस्या समाप्त होगी। सड़कों और नालियो की साफ-सफाई में सुगमता होगी। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को निर्देश दिया कि वे अतिक्रमण वाले स्थानों का सीमांकन कराते हुए व्यापारियों को अवगत कराए जिससे अतिक्रमण न होने पाए। साथ हीव्यापारी, दुकानदार निर्धारित सीमा के अंदर ही अपना-अपना व्यवसाय चला सके।
बैठक में उपस्थित व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी के सामने अपने-अपने सुझाव एवं समस्याओं को रखते हुए समाधान की अपेक्षा की। उन्होंने जिलाधिकारी के शहर क्षेत्रों में टेलीफोन, विद्युत के बेतरतीब ढंग से लगे खंभे, जर्जर विद्युत तार, कलेक्टर घाट में अवैध रूप से चल रहे मछली बाजार, सड़कों को गढ्ढा मुक्त करने, विशेश्वरगंज में दुर्गा चौक के पास नाले मे बरसात के दौरान जल-जमाव, गृह कर एवं अन्य विषय पर अपनी-अपनी समस्याओं को बताया गया। जिस पर जिलाधिकारी ने समस्त समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया।जिलाधिकारी ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियो को अतिक्रमण हटाने से पूर्व ऐसे दुकानदारो को पहले से सुचित करने को कहा जिससे वह समय रहते अपने-अपने सामान अतिक्रमण क्षेत्र से सुरक्षित कर लें। अधिकारी दुकानदारों से सहजता से पेश आए। पुलिस अधीक्षक ने व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों से प्रशासन के कार्यों में सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि अतिक्रमण की वजह से सड़कों पर जाम की समस्या एवं दुर्घटनाएं घटित होती है और सड़कों पर लोगों के आवगमन में समस्याएं उत्पन्न होती है।