दुबिहा। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के खड़हरा ग्रामसभा के बिंदवलिया गांव के बाहर नाले में नहाते समय डूबे किशोर का शव घटना स्थल से दो सौ मीटर पर शनिवार को दोपहर दो बजे मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर पुत्र का शव देखकर परिजनों के रोने-बिलने से मातम पसर गया।
बिंदवलिया गांव निवासी वकील का छोटा पुत्र गुड्डूू (17) बीते आठ अक्टूबर की दोपहर करीब तीन बजे मित्रों के साथ गांव के बाहर नाले में बरसात के पानी में नहा रहा था। इसी बीच वह गहरे पानी में जाने से डूब गया था। इधर सूचना के बावजूद पुलिस द्वारा कोई सहयोग न करने पर ग्रामीणों ने लठ्ठूडीह- रसड़ा मार्ग को जाम कर दिया था। पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। साथ ही गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कर दी थी। देर शाम तक जब किशोर का कुछ पता नहीं चला तो तलाश करने के कार्य को रोक दिया गया। घटना के दूसरे दिन नाले में जाल डालकर एवं गोताखोरों की मदद से तलाश फिर शुरू की गई। घंटों मशक्कत के बाद दोपहर दो बजे किशोर का शव घटना स्थल से 200 मीटर दूर बरामद हुआ। शव पानी से बाहर निकलते ही परिजन दहाड़े मारकर रोने-बिलखने लगे। इधर ग्रामीण परिवार के लोगों को सांत्वना देेकर शांत कराने में जुटे रहे। इस संबंध में थानाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।