सैदपुर कोतवाली के नगर पंचायत वार्ड संख्या पांच निवासी एक किशोरी ने भाई से झगड़ा होने पर मंगलवार की सुबह रामकरन सेतु से गंगा नदी में छलांग लगा दी। संयोगवश कुछ दूरी पर मछली मार रहे मछुआरों ने किशोरी को नदी से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सूचना पर परिजन भी पहुंच गए। प्राथमिक इलाज के बाद किशोरी ठीक हो गई, जिसे घर भेज दिया गया।
नगर के वार्ड संख्या पांच निवासी किशोरी का सुबह अपने भाई से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इससे नाराज होकर किशोरी बगैर किसी को बताए घर से निकल गई। करीब साढ़े नौ बजे उसने नगर से चंदौली जाने वाले रामकरन सेतु से नदी में छलांग लगा दी। उसी समय मछली मार रहे मछुआरों ने सुरक्षित किशोरी को बाहर निकाला। परिजनों ने बताया कि भाई से झगड़ा होने पर किशोरी ने यह कदम उठाया।