विकास भवन के सभागार में जिलाधिकारी ने विकास कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री आवास का लक्ष्य नहीं पूरा होने पर संबंधित खंड विकास अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही डीपीआरओ, बीएचसी और सभी खंड विकास अधिकारियों से जवाब मांगा।
जिलाधिकारी एमपी सिंह ने चिकित्सा, समाज कल्याण, दिव्यांग, प्रोबेशन, कृषि, जल निगम, बेसिक शिक्षा, गन्ना, विद्युत, सहकारिता, आरईएस, बाल विकास, सिंचाई, लोक निर्माण विभाग, सेतु निगम आदि की ओर से कराए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण में लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति न होने पर संबंधित विकास खंडों के खंड विकास अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई का निर्देश दिया। मिशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों में कराए जा रहे कार्यों की खराब स्थिति पर जिला पंचायत राज अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं सभी खंड विकास अधिकारियों को स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया। मुख्य चिकित्साधिकारी, अधिशासी अभियंता जल निगम, बेसिक शिक्षा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हरगोविंद सिंह, जिला विकास अधिकारी भूषण कुमार, परियोजना निदेशक बालगोविंद, समाज कल्याण अधिकारी रामविलास यादव, डीएसओ कुमार निर्मलेंदु, अधिशासी अभियंता विद्युत, जल निगम, देवकली पंप कैनाल, अधिशासी अधिकारी नगर पलिका-पंचायत उपस्थित थे।