परंपरा और उत्साह के साथ मनाया रक्षाबंधन का पर्व
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक पर्व रक्षाबंधन सोमवार को जिले भर में उत्साह के साथ मनाया गया। बहनों ने परंपरागत ढंग से भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर आरती उतारी। इसके बाद उनकी कलाई पर रेशम की डोरी से मजबूत बंधन बांधकर रिश्ते को और मजबूत किया। मिठाई खिलाकर बहनों ने जहां बड़े भाइयों से आशीर्वाद लिया वहीं छोटों को आशीर्वाद दिया। इस मौके पर भाइयों ने भी बहनों को उपहार देते हुए उनकी रक्षा का संकल्प लिया। घरों में पकवान भी बनाए गए थे। इस पर्व के चलते शहर तथा ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर में उत्साह बना रहा। हालांकि इस पर्व पर कोरोना का भी असर साफ दिखा। हर जगह लोग सामाजिक दूरी का पालन करने तथा मास्क लगाने पर भी ध्यान देते रहे।
रक्षाबंधन को लेकर बहनों में कुछ दिनों पहले से ही खासा उत्साह दिखाई दे रहा था। रविवार की शाम तक बाजारों में खरीददारी होती रही। दूर-दराज रह रहे भाई जहां बहनों के ससुराल या घर पहुंचे वहीं कई बहनें भी ससुराल से भाई के घर पहुंची। नए वस्त्र में सजी बहनों ने भाइयों की सुख-समृद्धि की कामना की। राखी बंधवाने के बाद भाइयों ने बहनों को उपहार दिया तथा उनकी रक्षा का संकल्प लिया। राखी बंधवाने का क्रम सुबह से लेकर रात तक चलता रहा। नन्हे-मुन्ने भाई-बहनों की खुशी देखते ही बन रही थी। सबसे ज्यादा उत्साह छोटी बहनों में था। बंदी के चलते रोज गुलजार रहने वाले बाजारों में नाममात्र के लोग दिखाई दिए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस पर्व को लेकर खासा उत्साह रहा। देवकली संवाददाता के अनुसार नगर सहित ग्रामीण अंचलों में रक्षाबंधन का त्योहार मनाया गया। बहनों ने अपने भाई की कलाई पर रक्षासूत्र (राखी) बांधा। भाइयों ने भी बहनों की रक्षा का वचन देने के साथ ही उपहार भी दिया। बहुत सी बहनों ने अपने मायके पहुंच कर अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर आशीर्वाद लिया। भांवरकोल संवाददाता के अनुसार बहनों ने अपने भाई की कलाई पर राखी बांध कर इस पर्व को उत्साह तथा परंपरा के साथ मनाया। भाइयों ने भी अपनी बहनों को उपहार देते हुए उसकी रक्षा करने और उसे खुश रखने का वादा किया। इस पर्व के मद्देनजर तहसील क्षेत्र की मिठाई तथा राखी की दुकानों पर भीड़ बनी रही। करीमुद्दीनपुर संवाददाता के अनुसार आस पास के सभी गांवों में उल्लास के साथ त्योहार मनाया गया। औड़िहार संवाददाता के अनुसार भाई-बहन के अटूट प्रेम का त्योहार रक्षाबंधन पूरे क्षेत्र में धूमधाम से मनाया गया। सादात संवाददाता के अनुसार राखी बंधवाने के बाद भाइयों ने भी बहनों कीं रकी्षा का संकल्प दोहराया। इसके अलावा सैदपुर, खानपुर, मरदह, मुहम्मदाबाद, दुबिहा, कासिमाबाद, जमानिया, दिलदारनगर, सुहवल, नंदगंज, बहरियाबाद, करंडा, बहादुरगंज, दुल्लहपुर, जखनिया, गहमर, मनिहारी आदि क्षेत्रों में भी भाई-बहन के प्रेम के प्रतीक पर्व रक्षाबंधन की धूम रही।
(फोटो)
0000
इनसेट
वाहनों की कमी से भटकते रहे लोग
गाजीपुर। रक्षाबंधन पर्व पर साधनों की भी कमी बनी रही। अधिकतर लोगों ने निजी साधनों का प्रयोग किया। भाइयों को राखी बांधने के लिए सुबह से लेकर रात तक लोगों के आने-जाने का क्रम बना रहा। हालांकि कोरोना संक्रमण के चलते सड़कों पर वाहन काफी कम चल रहे थे। ग्रामीण क्षेत्रों में वाहनों की कमी से लोग भटकते नजर आए। सरकारी बसें भी अपेक्षाकृत कम ही चली जिससे बहनों को परेशानी हुई। बसों में बहनों के लिए भाड़े की छूट दी गई थी जिससे वह काफी उत्साहित थीं।
(फोटो)
0000
इनसेट
जेल गेट पर भी पहुंची बहनें
गाजीपुर। जेल में बंद भाइयों की कलाई पर राखी बांधने सोमवार को बहनें पहुंची थीं। जेल के गेट पर पर्ची लेने के बाद भाइयों से मिलने के लिए बहनों को कतार में खड़े रहने में काफी परेशानी हुई। गेट पर खड़े पुलिस कर्मी बारी-बारी से भीतर जाने दे रहे थे तथा उनके हाथ में मौजूद सामानों की जांच कर रहे थे। भाई से मिलने के उत्साह में कई बहनों की आंखों से आंसू बह रहे थे। कोरोना संक्रमण के चलते भी बचाव के उपाय किए जा रहे थे।
(फोटो भी)