युवराजपुर निवासी रजनू चौधरी ने नेपाल के काठमांडू में बृहस्पतिवार को आयोजित विद्यालयीय अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक चैंपियनशिप की पांच हजार मीटर की मैराथन दौड़ चौदह मिनट 56 सेकेंड में पूरा कर स्वर्ण पदक प्राप्त कर लिया। गुजरात के राहुल एवं महाराष्ट्र के अनिकेत को रजत और कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। रजनू की इस सफलता की जानकारी मिलते ही परिजनों के साथ ही गांव के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर उन्होंने इस सफलता का जश्न मनाया।
मालूम हो कि इसके पहले रजनू ने इसी माह मध्य प्रदेश में आयोजित अंडर-19 नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 400 मीटर की दौड़ को महज 54.46 सेकेंड में पूरा करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर अपना लोहा मनवाया था। गांव पहुंचने पर परिजनों सहित अन्य लोगों ने उसका जोरदार स्वागत किया। बीते सात जनवरी को इलाहाबाद में आयोजित एक कैंप में उसने अपना जौहर दिखाते हुए पहला स्थान प्राप्त किया था। यूपी एथलेटिक्स संघ के सचिव एवं चयनकर्ता अंकुश सिंह उसके बेहतर प्रदर्शन से प्रभावित हुए थे। इस अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में देश सहित विदेशों के भी कई खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था। स्वर्ण पदक प्राप्त करने के बाद रजनू ने बताया कि उसकी इच्छा अंतरराष्ट्रीय पटल पर देश-प्रदेश का नाम रौशन करने की है।