थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार में बृहस्पतिवार को रेलवे की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को रेलवे पुलिस ने हटवा दिया। इससे बाजार में दिनभर अफरातफरी का माहौल बना रहा।
दुल्लहपुर बाजार में रेलवे की ओर से आवंटन के अलावा कुछ लोगों ने रेलवे की जमीन पर उससे अधिक जमीन का अधिग्रहण कर लिया था। कोई टीन शेड, गुमटी, दुकानों के आगे फर्श बनाकर और हैंडपंप लगा दिया था। रेलवे पुलिस ने जेसीबी से अतिक्रमण हटाने के साथ चेताया कि अगर फिर किसी ने कब्जा किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। वाराणसी के डीआरएम पीके पंजियार ने बताया कि रेलवे अपने रूटीन के तहत अतिक्रमण हटाने का काम कर रही है। इस मौके पर डर्ब्ल्यूआई एस के अंसारी, आरपीएफ एसओ मनोज कुमार शुक्ला, अवनींद्र कुमार राय मौजूद रहे।