गहमर थाना क्षेत्र के स्थानीय रेलवे स्टेशन के पश्चिम तरफ मंगलवार की सुबह दो स्थानों पर रेल पटरी चटकी हुई मिली। इसकी जानकारी होने पर रेल कर्मियों में हड़कंप मच गया। तकनीकी टीम ने चटकी पटरी को क्लैम्प बांधकर दुरुस्त किया। हालांकि इस दौरान ट्रेनों के आवागमन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।
पंडित दीन दयाल उपाध्याय दानापुर रेलखंड के गहमर स्टेशन के पश्चिम अप लाइन के पोल संख्या 681/5-7 एवं 682/ 7-9 के पास भोर में दो जगहों पर रेलवे ट्रैक चटक गई। गैंगमैन की जैसे ही नजर पड़ी, उन्होंने तत्काल इसकी सूचना रेलवे स्टेशन मास्टर को दी। स्थानीय रेलवे के अधिकारियों ने कंट्रोल रूम को सूचना देने के साथ तकनीकी टीम को भी इसकी जानकारी दी। कुछ देर बाद पहुंचे तकनीकी टीम के सदस्यों ने दोनों जगहों पर क्लैम्प बांधकर दुरुस्त कर दिया। संयोग रहा की उस दौरान अप रेलवे ट्रैक पर किसी ट्रेन के आने का समय नहीं था। ठंड शुरू होने के साथ ही रेलवे द्वारा ट्रैकों की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है, जिससे ट्रेनों के आवागमन करने में किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।