सेवराई। पंडित दीनदयाल उपाध्याय दानापुर रेलखंड के भदौरा रेलवे स्टेशन के समपार फाटक के पास डाउन लाइन में जा रही गुवाहाटी एक्सप्रेस तकनीकी खराबी के कारण बृहस्पतिवार की सुबह खड़ी हो गई। इससे तकरीबन आधा घंटा तक रेल परिचालन प्रभावित रहा। फाटक बंद होने से आधा घंटा तक लगे जाम से लोग हलाकान रहे। बाद में मेमो देकर ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
जानकारी के अनुसार 15645 दादर गुवाहाटी एक्सप्रेस अपने गंतव्य को जा रही थी। वह अभी भदौरा रेलवे स्टेशन से आगे बढ़ी ही थी कि 10:05 बजे तकनीकी खराबी के कारण स्टेशन से आगे सिग्नल के बीच खड़ी हो गई। समपार फाटक बंद होने के कारण दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। इसके चलते करीब आधा घंटा तक लोग जाम में हांफते रहे। 10:25 बजे स्टेशन के पोर्टर द्वारा मेमो देकर ट्रेन को 10:28 बजे गंतव्य के लिए रवाना किया गया।