गाजीपुर। महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय का लोकार्पण प्रधानमंत्री 25 अक्तूबर को सिद्धार्थनगर से वर्चुअल करेंगे। इसको लेकर कालेज प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम के मद्देनजर डीएम एमपी सिंह रविवार को मेडिकल कालेज का निरीक्षण करने के साथ चल रही तैयारियों का जायजा लेने के साथ अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिया।
जिलाधिकारी एमपी सिंह ने कॉलेज परिसर, डिसक्शन हाल, लेक्चर रूम, इग्जामिनेशन कक्ष का निरीक्षण किया। लेक्चर रूम में ही लोकार्पण की वर्चुवली कार्यक्रम कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम के लोकार्पण के लिए मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के अलावा आने वाले मेहमानों के बैठने की समुचित व्यवस्था को देखा तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया। मालूम हो कि वर्ष 2019 में जनपद को उच्चस्तरीय एवं बेहतर चिकित्सकीय सुविधा प्रदान करने के लिए नगर के आरटीआई मैदान में करीब 24 एकड़ में 220 करोड़ की लागत से राजकीय मेडिकल कालेज का निर्माण शुरू हुआ था। एमबीबीए के 100 सीटों वाले इस कालेज का निर्माण पूरा हो चुका है। साथ विभिन्न विधाओं के आचार्य, सहायक आचार्य एवं सह आचार्य के साथ जूनियर डॉक्टरों की तैनाती हो चुकी है। इसके अलावा प्रयोगशालों को प्रयोगात्मक उपकरणों से लैस कर दिया गया है। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रकाश गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. हरगोविंद सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक/प्रधानाचार्य राजेश कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।