गाजीपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर जनपद में पूरी तैयारी चल रही है। दो दिनों तक दो-दो पाली में आयोजित कराई जाने वाली यह परीक्षा 45 केंद्रों पर होगी। जहां प्रत्येक पाली में 18 हजार परीक्षार्थियों को शामिल होना है। हर दिन दो-दो पाली में परीक्षा होगी। यानि पहले दिन 36 हजार अभ्यर्थियों को शामिल होना है। वहीं, इस परीक्षा के पहले से ही नकल माफियाओं पर पैनी नजर रखी जा रही है। किसी भी केंद्र या बाहर कोई भी गड़बड़ी न हो के लिए कई स्तर से निगरानी रखी जा रही है। निगरानी करने वाले टीमों में एसटीएफ, एसओजी, स्वाट टीमें लगाई गई हैं। वहीं, सभी केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही कंट्रोल रूम के साथ-साथ लखनऊ से भी नजर रखी जा रही है।
जनपद में 17 और 18 जनवरी को उत्तर प्रदेश की लिखित परीक्षा होने जा रही है। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए जनपद में पुलिस प्रशासन की पूरी तैयारी की है। इस बार परीक्षा के लिए 45 सेंटर बनाए गए हैं। जहां एक पाली में 1800 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे, जो दो दिन में दो-दो पाली कराई जाएगी, यानि 72 हजार परीक्षार्थी जिले में होंगे। ऐसे में किसी प्रकार की कहीं गड़बड़ी न हो का खास ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए संबंधित पुलिस कर्मियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। परीक्षा के लिए 17 सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ सभी केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक के साथ स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं सहायक केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की गई है। सभी परीक्षा केंद्रों एवं केंद्र व्यवस्थापकों के कंट्रोल रूम में सीसीटीवी कैमरा की व्यवस्थाओं को सुश्चित कराने के लिए पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से अलग से कार्यदायी संस्था नामित की गई है,जो परीक्षा के पूर्व से समाप्ति तक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चत करेगी। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के मुताबिक सभी परीक्षा केंद्रों, प्रमुख स्थानों/ चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा को सकुशल शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराए जाने के दृष्टिगत केंद्रों पर मजिस्ट्रेट व पर्यवेक्षक (पुलिस) नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाये गए हैं। सीसीटीवी कैमरों की मानीटरिंग के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जिसमें नियुक्त पुलिसकर्मियों की ओर से निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर सभी चौराहों/तिराहों, बाजारों व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यातायात कर्मी तैनात रहेंगे। सोशल मीडिया टीम और अभिसूचना तंत्र पूर्ण रूप से सक्रिय है। सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्मों की सतत निगरानी की जा रही है। परीक्षा के सहायक नोडल अधिकारी व एसपी सिटी ज्ञानेंद्र का कहना है कि परीक्षा को लेकर तैयारी पूरी है। हर पाली में 18 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिसके लिए 45 केंद्र बनाए गए हैं। निगरानी के लिए कई स्तर पर टीमें लगी हुई हैं।
इसपर रहेगा प्रतिबंध
परीक्षा केंद्रों पर पाठ्य सामग्री (मुद्रित या लिखित), कागज के टुकड़े, ज्यामितीय, पेंसिल बॉक्स, प्लास्टिक पाउच, कैलकुलेटर, क्रेडिट/डेबिट कार्ड, स्केल, कॉपी, पेन ड्राइव, इरेजर, लॉग टेबुल/इलेक्ट्रानिक पेन/स्कैनर, इलेक्ट्रानिक गैजेट, जैसे-मोबाइल फोन, कैमरा, किसी प्रकार की घड़ी, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इयरफोन, माइक्रोफोन, पेजर, हेल्थबैंड, बटुआ, काला चश्मा, हैंडगैग, टोपी, खुला या पैक किया हुआ खाने का समान आदि पर पूरी तरह से प्रतिबंध है। किसी भी अभ्यर्थी को इन चीजों को मुख्य द्वार के अंदर ले जाने नहीं दिया जाएगा।