गाजीपुर। दीपावली ऐसा पर्व है, जिस पर हर घर व प्रतिष्ठान में रंग-रोगन होता है। इसके चलते पिछले एक महीने से पेंट व्यवसाय चमक उठा है। इस वर्ष जिले में रंग-पेंट का कुल 40 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। पेंट व इससे जुड़ी अन्य सामग्रियों की बिक्री हालांकि हर महीने होती है, लेकिन दीपावली पर सबसे अधिक कारोबार होता है।
अधिकांश लोग रंग-रोगन के लिए पेंट को वरीयता दे रहे हैं। बाजार में विभिन्न प्रकार के पेंट भी उपलब्ध हैं। दीपावली से एक महीना पूर्व ही लोग घरों व प्रतिष्ठानों के रंग-रोगन का कार्य शुरू कर देते हैं। जनपद में अधिकांश घरों व प्रतिष्ठानों में रंगाई-पुताई का कार्य हो चुका है। अब तक हुई बिक्री से पेंट व्यवसायी काफी उत्साहित हैं। मिश्रबाजार के पेंट कारोबारी नदीम अहमद ने बताया कि इस बार अच्छा कारोबार हुआ है। अनुमान के मुताबिक जिले में पेंट का करीब 40 करोड़ का कारोबार हुआ है।
महराजगंज के पेंट वितरक श्रवण ने बताया कि इस सीजन मेंं व्यवसाय अच्छा हुआ है। प्लास्टिक पेंट लोगों ने अधिक खरीदा है। हालांकि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 15 प्रतिशत तक पेंट के दाम बढ़े हैं। इसके बावजूद बिक्री में कमी नहीं है।
प्लास्टिक पेंट बनी पहली पसंद
गाजीपुर। इस बार अधिकांश ग्राहकों ने प्लास्टिक पेंट को तवज्जो दिया है। प्लास्टिक पेंट परंपरागत पेंट पर भारी पड़ा। इसकी वजह प्लास्टिक पेंट से एक बार घर व प्रतिष्ठानों का रंग-रोगन कराने के बाद सात से आठ वर्षों तक पेंट कराने की आवश्यकता नहीं पड़ती है। बार-बार पेंट नहीं कराने के कारण ग्राहकों के समय व पैसे की बचत होती है।
पेंट व अन्य सामग्री दाम
एनामल पेंट 260 लीटर
प्लास्टिक पेंट 200-700 लीटर
डिस्टेंपर 900 (20 किग्रा की बाल्टी)
ब्रश 100-200 (चार इंच)
पुटी 600-900 (40 किग्रा की बोरी)