बहादुरगंज। नगर स्थित मदरसतुल मसाकीन के शिक्षकों ने रविवार को धरना-प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि गलत आरोप लगाकर प्रबंध समिति व प्रधानाचार्य की ओर से उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। अंत में उन्होंने जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सच्चिदानंद तिवारी से मोबाइल पर बात की। इसके बाद विभाग के लिपिक मनोज कुमार को 10 सूत्रीय मांगपत्र सौंपकर धरना खत्म किया। सुबह 10 बजे से शुरू हुआ धरना शाम चार बजे समाप्त हुआ।
शिक्षकों का आरोप है कि बार-बार निलंबित करने की धमकी दी जा रही है। साथ ही चंदे के नाम पर भी रुपये की मांग किए जाने का आरोप लगाया गया। वहीं प्रबंधक जियाउर रहमान अंसारी ने कहा कि यह शिक्षकों की सोची- समझी साजिश है। मदरसा के पूर्व प्रबंधक के ऊपर फर्जी शिक्षिका मामले में मुकदमा पंजीकृत है और उसकी जांच चल रही है। इसको बाधित करने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। इस मौके पर सफीकुर रहमान, इनामुल हक, मोहम्मद सरवर, खुर्शीद, परवीन आदि मौजूद रहीं।