गाजीपुर। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए टहलने वालों के लिए एक अच्छी खबर है। पार्क में टहलने के साथ वह सेहत की तंदुरुस्ती के लिए व्यायाम भी कर सकेंगे। नगर के सुदृढ़ हो रहे पार्कों में ओपेन जिम स्थापित कराया जाएगा। योगा और ध्यान के साथ इसका भी लोग लाभ उठा सकेंगे। इसके लिए नपा की ओर से विधानसभा चुनाव के बाद चिन्हित करने की कवायद शुरू की जाएगी।
नगर क्षेत्र में रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य में सुधार को लेकर नपा प्रशासन की ओर से ठोस कदम उठाए जा रहे हैं, जिसके तहत नगर के गांधी पार्क आम घाट और शास्त्रीनगर स्थित राजेंद्र पार्क का कायाकल्प करने के साथ उसे सुदृढ़ किया जा रहा है। वहीं लोगों के टहलने के लिए पाथ-वे को दुरुस्त करने और लाईट की बेहतर व्यवस्था के अलावा चाहरदीवारी का निर्माण कराया जा रहा है। इन कार्यो को पूर्ण होने के बाद ओपन जिम स्थापित कराने के लिए चिन्हिकरण कार्य होगा। ऐसे पार्क को इसमें चिन्हित किया जाएगा, जहां अधिक जगह हो और मशीनों को स्थापित कराने में किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े। करीब आठ लाख रुपये से स्थापित होने वाली जिम में मशीने भी अत्याधुनिक होंगी। इसका सबसे बड़ा लाभ उन युवाओं को होगा, जो निजी जिम में पैसा खर्च करके सेहत को ठीक रखने के लिए कसरत करते हैं। इसके स्थापित हो जाने से उन्हें नि:शुल्क सुविधा मिलने लगेगी। नपा की ओर से इस प्रोजेक्ट को लेकर जल्द ही ठोस कदम उठाए जाएंगे, जिससे शासन की मंशा के अनुरूप लोगों को लाभांवित किया जा सके।
पेट, पैर, छाती की बेहतर कर सकेंगे कसरत
गाजीपुर। नगर के गांधी पार्क आमघाट में अधिक जगह होने से यहां ही ओपन जिम स्थापित करने पर विचार- विमर्श चल रहा है। हालांकि नपा की ओर से पार्क चिन्हित के बाद ही कोई ठोस कदम उठाया जाएगा। ओपन जिम में करीब लाखों रुपये की लागत से चेस्ट प्रेस, लनेग प्रेस, सिंगल एयर वॉकर, डबल वॉकर आदि उपकरण लगाए जाएंगे। इन उपकरणों के माध्यम से लोग पेट, जांघ, पैर और छाती की बेहतर करसरत कर सकेंगे। इन उपकरणों की मदद से युवा से लेकर बुजुर्गों तक को इसका लाभ मिल सकेगा।
शहर में ओपन जिम को खोलने की कवायद शुरू हो गई है। चुनाव बाद इस काम को गति मिलेगी। जिम खुलने के बाद हर वर्ग के लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
विनोद अग्रवाल, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि