सरकार ने तालाबों को अमृत सरोवर के रुप में विकसित करने की शुरुआत की है। खराब अवस्था में पड़े तालाबों को अमृत सरोवर के तहत संवारा जा रहा है। आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान जिले में कुल 247 सरोवरों पर तिरंगा फहराया जाना है।
आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान जिले में तैयार अमृत सरोवरों पर तिरंगा फहराया जाएगा। कुल 247 सरोवरों पर तिरंगा फहराया जाना है। इसमें अब तक 104 पर फ्लैग पोस्ट आदि बनाकर तिरंगा फहराने की व्यवस्था की गई है। यहां 15 अगस्त को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं गणमान्य व्यक्तियों की ओर से तिरंगा फहराते हुए आजादी का जश्न मनाया जाएगा।
विज्ञापन
वर्षा जल संग्रहण और भू-जल स्तर को सुधारने की जरूरत महसूस करते हुए सरकार ने तालाबों को अमृत सरोवर के रुप में विकसित करने की शुरुआत की है। जिले में बदहाल और खराब अवस्था में पड़े तालाबों को अमृत सरोवर के तहत संवारा जा रहा है। जिले के विभिन्न विकासखंडों में 273 सरोवर चिन्हित कर उसे तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें से 247 सरोवरों पर जश्ने आजादी के पर्व पर तिरंगा फहराया जाएगा।
इसके लिए इन सरोवरों के पास फ्लैग पोस्ट, चबूतरा, नागरिक सूचना पट्ट, सीढ़ी और पाथ-वे का निर्माण कराया जा रहा है। अब तक 104 सरोवरों पर इन कार्यों को कराकर उन्हें संवारा जा चुका है। भदौरा में आठ, भांवरकोल पांच, देवकली 12, सदर पांच, जखनिया नौ, करंडा छह, कासिमाबाद एक, मनिहारी सात, मरदह चार, मुहम्मदाबाद आठ, रेवतीपुर दो, सादात 13, सैदपुर सात, बाराचवर छह, बिरनो नौ तथा जमानिया में पांच सरोवर पूरे कर लिए गए हैं। डीसी मनरेगा देवनंदन दुबे ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान जिले में तैयार अमृत सरोवरों पर तिरंगा फहराया जाएगा। सरोवर के पास फ्लैग पोस्ट बनाकर तिरंगा फहराने की व्यवस्था की गई है।