थाना क्षेत्र के बरही गांव स्थित पोखरी में बुधवार की सुबह एक वृद्ध का शव उतराया मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक दोनों आंखों से अंधे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर घटना के बाद परिजनों के रोने-बिलखने से मातम पसर गया।
गांव निवासी गणेश पासवान (65) रात में अपने घर में सोए हुए थे। देर रात अचानक बिस्तर पर वह नहीं मिले, तो परिजन परेशान हो गए और किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए उनकी तलाश में जुट गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। सुबह घर के पास ही पोखरी में उतराया शव देखकर परिजन चिखने-चिल्लाने लगे। आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। इधर हादसे की जानकारी होते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाया। मृतक के पुत्र घूरा पासवान ने बताया कि पिता गणेश पासवान दोनो आंखों से अंधे थे। वह रात में कब पोखरे में गिर गए किसी को जानकारी नहीं हो सकी। परिजनों के रोने-बिलखने से गांव में मातमी सन्नाटा फैल गया। इस संबंध थानाध्यक्ष राजकुमार यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।