गाजीपुर डीएम के निर्देश पर बुधवार को एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी और अतिरिक्त सदर एसडीएम अंकित कुमार के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने नगर के देवढ़ी बल्लभदास में आईएस 191 गैंग के लीडर मुख्तार अंसारी की पत्नी आफसा अंसारी की नौ करोड़ 44 लाख की भूमि कुर्क की।
इस दौरान कोतवाल विमल कुमार मौर्या के नेतृत्व में पुलिस टीम मौजूद रही। जिला और पुलिस प्रशासन की ओर से हो रही कार्रवाई को देखने के लिए मोहल्लेवासियों की भीड़ लगी हुई थी। वहीं लगातार हो रही कार्रवाई लोगों में चर्चा का विषय बनी हुई है। वहीं अपराध को अंजाम देने वाले माफिया में खलबली मची हुई है।
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बीते छह दिसंबर को 14 (1) के तहत गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप अधिनियम 1986 के तहत कुर्की को आदेश जारी किया था।
राजस्व विभाग और पुलिस टीम ने बीते 26 अक्तूबर को कुर्क की गई भूमि पर बने निर्माणाधीन शापिंग कांपलेक्स को कुर्क किया गया था। पीडब्ल्यूडी के रिपोर्ट के मुताबिक करीब दो करोड़ 84 लाख रुपये लागत आंकी गई थी। जबकि तीन अगस्त को सैयदबाड़ा स्थित एक करोड़ 18 लाख की आवासीय भवन को मुनादी के बीच कुर्क किया गया था।
जिला प्रशासन मुख्तार अंसारी के नाते-रिश्तेदारों सहित गैंग से जुड़े लोगों पर कार्रवाई का डंडा चलाते हुए अवैध तरीके से अर्जित की गई भूमि को कुर्क करने के साथ आवासीय भवनों को ध्वस्त कराने की कार्रवाई कर चुका है।
पढ़ेंः विधायक विजय मिश्रा का भतीजा गया जेल: दुष्कर्म पीड़िता को धमकाने और भाजपा विधायक के भाई की हत्या का आरोपी, 19 मुकदमे दर्ज