थाना क्षेत्र के तोगापुर गांव में बुधवार की देर शाम एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बृहस्पतिवार को मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्जकर लिया। पुलिस ने पति और ससुर को हिरासत में लिया है।
आजमगढ़ जनपद के तरवा थाना क्षेत्र के जियापुर गांव निवासी आंचल (23) की शादी 16 जून 2019 को तोगापुर निवासी रिशु गौड़ के साथ हुई थी। मृतका के भाई आदर्श कुमार गौड़ ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद विदाई कर आंचल जब अपने ससुराल आई। तभी से उसकी सास, पति और परिवार के अन्य सदस्य तरह-तरह की यातनाएं देकर दो लाख रुपये के लिए दबाव डाल रहे थे। इसकी सूचना विवाहिता ने फोन से अपने परिवार के लोगों को दी थी। बीते 26 जनवरी को ससुरालियों ने फोन कर बताया कि आंचल फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। जब मृतका के ससुराल पहुंचा गया तो शव बेड पर पड़ा था। मृतका के भाई ने पति सहित छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया। थानाध्यक्ष घनानंद त्रिपाठी ने बताया मुकदमा दर्जकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पति और ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।