जमीन की पैमाइश के लिए एक व्यक्ति से पांच हजार रुपये घूस लेते समय मंगलवार की शाम एंटी करप्शन वाराणसी की टीम ने जखनिया तहसील के पूर्वी गेट से लेखपाल अनिल कुमार को रंगे हाथ पकड़ लिया।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन वाराणसी के निरीक्षक विनोद कुमार यादव ने बताया कि शादियाबाद थाना क्षेत्र के जगमलजोत गांव निवासी प्रवेश वनवासी की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। लेखपाल पट्टे की जमीन की पैमाइश करने के लिए प्रवेश वनवासी से रिश्वत मांग रहा था। एंटी करप्शन की टीम ने लेखपाल अनिल कुमार निवासी राघव पट्टी थाना मरदह को जखनिया तहसील के पूर्वी गेट के सामने भूमि पैमाइश के नाम पर रिश्वत देने के लिए बुलाया। वहां पांच हजार रुपये रिश्वत लेते समय लेखपाल को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। लेखपाल के खिलाफ भुड़कुड़ा थाने में भ्रष्टाचार निवासी अधिनियम में मुकदमा पंजीकृत कराया गया है। कार्रवाई करने वाली भ्रष्टाचार निवारण संगठन वाराणसी की टीम में निरीक्षक विनोद कुमार यादव, निरीक्षक उपेंद्र सिंह यादव, निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, सुनील कुमार यादव, पुनीत कुमार सिंह, शैलेंद्र राय, सुमित भारती, आरक्षी चालक अश्वनी कुमार पांडेय रहे।