भांवरकोल थाना क्षेत्र के माचा गांव में चार दिन पूर्व एक मजदूर की हत्या अवैध संबंधों को लेकर हुई थी। मंगलवार को थानाध्यक्ष ने इसका खुलासा करते हुए तीन हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही हत्या में प्रयुक्त चाकू एवं मृतक का मोबाइल भी हत्यारोपियों की निशानदेही पर बरामद कर लिया। पूछताछ के बाद तीनों हत्यारोपियों का पुलिस ने चालान कर दिया।
थानाध्यक्ष हरिनारायण शुक्ला ने बताया कि बीते 26 अगस्त को माचा गांव निवासी कुंवर राम की धारदार हथियार से वारकर गांव के बाहर चकरोड पर हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड के खुलासे को लेकर टीम छानबीन में जुटी थी। इस दौरान पता चला कि मृतक ओझा था और पूजा-पाठ करता था। तेतरियां मोड़ से कही भागने के फिराक में पकड़े गए हत्यारोपी माचा गांव निवासी दूधनाथ राम, रोहित राम और गोविंद राम ने पूछताछ में पता चला कि बीते 26 अगस्त की रात कुंवर राम दूधनाथ के घर पहुंचा और उसके पुत्र आरोपी रोहित राम को मोबाइल में आवाज नहीं आने पर ठीक करके चार्ज में लगाने के लिए दे दिया। देर रात जब रोहित राम की नींद टूटी तो मृतक को घर में सोया देख वह आग बबूला हो उठा और इसकी जानकारी अपने पिता दूधनाथ को दी। इसके बाद पिता दूधनाथ और पुत्र रोहित ने पूरी कहानी पड़ोसी गोविंद राम को बताने के साथ ही वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई। थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों हत्यारोपी कुंवर राम को गांव के बाहर लेकर गए और चाकू से वारकर उसकी हत्या कर दिए। वारदात को अंजाम देकर तीनों फरार हो गए थे। मुखबिर की सूचना पर तीनों हत्यारोपी दूधनाथ राम, रोहित राम और गोविंद राम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दूधनाथ की निशानदेही उसके टीनशेड से मृतक का मोबाइल और हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया। पूछताछ के बाद तीनों हत्यारोपियों का पुलिस ने चालान कर दिया।