रेवतीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर पिता ने शुक्रवार को दुपट्टे से गला कस कर पुत्री की हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने गांव के चौकीदार की तहरीर पर शनिवार को मुकदमा दर्ज कर लिया। पूछताछ के बाद हत्या का आरोपी पिता जेल भेज दिया गया। घटना के दूसरे दिन गांव में सन्नाटा पसरा रहा। वहीं पुलिस चक्रमण करती नजर आई।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद देर शाम युवती के शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया। गांव के लोगों में इस घटना को लेकर चर्चा बनी रही। गांव के कुछ लोग पिता के उठाए गए कदम को सही तो कुछ गलत बता रहे हैं। बरहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटने के साथ गांव के चौकीदार अंबिका पासवान की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी का चालान कर दिया गया। शुक्रवार की देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि एक गांव में पिता ने अपनी 29 वर्षीय पुत्री की दुपट्टे से गला कस कर हत्या कर दी है और शव को छिपाने का प्रयास किया जा रहा है। जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हत्यारोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। इधर हत्यारोपी पिता ने पुलिस के सामने पुत्री की हत्या का जुर्म कबूल किया था। इस संबंध में थानाध्यक्ष राजेश बहादुर सिंह ने बताया कि हत्यारोपी पिता को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।